script

महाशिवरात्रि पर्व— बम—बम भोले से गुंजायमान हुई छोटीकाशी, भोलेनाथ का हुआ मनमोहक श्रृंगार

locationजयपुरPublished: Feb 21, 2020 09:28:00 pm

Submitted by:

Harshit Jain

shiv shakti mahashivratri

महाशिवरात्रि पर जयपुर झारखंड महादेव मंदिर में भक्तों ने की सेवा पूजा

– पत्रिका के स्वर्णिम भारत अभियान की सराहना,स्वच्छता अपनाने और प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ ली हजारों किलो प्रसाद पहुंचाया जरूरतमंदों तक

जयपुर. ओम नम:शिवाय, हर हर महादेव के जयकारों के बीच अलसुबह से भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने की होड़। जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक करने के लिए आतुर भक्त। शुक्रवार को महाशिवरात्रि के मौके पर शहर के आम और खास शिवालयों में यही नजारा देखने को मिला। सुबह मंगला आरती के साथ आस्था का सैलाब मंदिरों में उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने जल, दूध से भगवान शिव का अभिषेक कर चंदन, बिल्वपत्र, गाजर-बोर, धूप-दीप, नैवध, आक-धतूरा आदि से पूजा अर्चना कर खुशहाली की कामना की। शाम को शिव परिवार का शृंगार कर मनमोहक झांकियां सजाई जाएगी। भक्तों की भीड़ को देखते हुए शहर में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। एकलिंगेश्वर महादेव, झाडख़ंड महादेव, ताड़केश्वर महादेव, चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई। यहां दिनभर मेले सा माहौल नजर आया। कई मंदिरों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवी संगठन के सदस्य भी व्यवस्था संभाले हुए हैं। चारों प्रहरों में भगवान शंकर का पूजन किया। चार प्रहरों में भगवान शंकर के आठ रूपों का पूजन किया। चार बार अभिषेक, आरती और रुद्राष्टाध्यायी का पाठ किए। बड़े मंदिरों के साथ ही गली-मोहल्ले व कॉलोनियों के शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की खासी चहल-पहल दिखाई दी। नवविवाहित दंपतियों के लिए शिवरात्रि का पर्व खास रहा। मंगल गीतों के बीच शिवशंकर को जैगढ़ चढ़ाएं और खुशहाल जीवन की कामना की।
शहर के प्राचीन शिवालयों में आस्था के बीच भक्तों ने राजस्थान पत्रिका के स्वर्णिम भारत महाअभियान के तहत स्वच्छता अपनाने और प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ ली। अभियान के तहत भक्तों से अपील की गई कि उन्हें प्रसाद व पूजन सामग्री के लिए प्लास्टिक का उपयोग नहीं करें जिसका असर पर्व के दौरान देखने को मिला। मंदिर आने वाले श्रद्धालु कपड़े और कागज के थैले में पूजन सामग्री लेकर आए और सभी ने पत्रिका के अभियान की सराहना की। चौड़ा रास्ता स्थित ताडक़ेश्वर महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पत्रिका की मुहिम में शामिल हुए। उन्होंने स्वच्छता अपनाने और सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग नहीं करने की शपथ ली। वहीं संत-महंत, राजनेता और व्यापारी भी इस मुहिम में जुड़ते गए। इन्होंने ने भी पत्रिका की इस पहल का स्वागत कर आमजन को इसमें शामिल होने का आहवान किया। आमजन ने मंदिरों के साथ अपने गली-मोहल्ले को साफ -सुथरा रखने की भी शपथ ली।

……………..

भक्तों ने ली शपथ

अभियान के तहत चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर, क्वींस रोड स्थित झाड़खंड महादेव मंदिर में आमजन ने स्वच्छता अपनाने और प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ ली। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पत्रिका की मुहिम में शामिल हुए। ताडक़ेश्वर महादेव मंदिर में चौड़ा रास्ता व्यापार मंडल की ओर से आमजन को प्लास्टिक को काम में नहीं लेेने के लिए जागरुक किया गया। मंडल अध्यक्ष सौभागमल अग्रवाल ने पॉलिथिन को कचरा पात्र में डालने के लिए जागरूक किया। वहीं शिवभक्त व समाजसेवी विष्णु दत्त शर्मा ने अपने साथियों के साथ मंदिर प्रांगण में आमजन से समझाइश के जरिए करीब 200 किलो पॉलिथीन कचरापात्र में डलवाई। इस दौरान लोगों ने पॉलीथीन का उपयोग नहीं करने का संकल्प लिया और पत्रिका के इस महाअभियान में जुडऩे की बात कही। पूर्व उपमहापौर मनोज भारद्वाज भी पत्रिका के महाअभियान में शामिल हुए। उन्होंने स्वच्छता की शपथ ली और भक्तों को स्वच्छता के इस अभियान में जुडऩे का आह्वान किया। पं. पुरुषोत्तम भारती ने स्वच्छता के इस महाअभियान को एक सराहनीय कार्य बताया, साथ ही स्वच्छता की शपथ ली। ताडक़ेश्वर महादेव मंदिर के अमित पारासर, विक्रांत व्यास और शक्ति व्यास आदि ने भी स्वच्छता की शपथ ली। इस दौरान सभी ने लोगों को पॉलीथीन का उपयोग नहीं करने और मंदिरों के साथ घर, गली-मोहल्लों को साफ सुथरा रखने का संकल्प लिया। आमजन ने भी मंदिर में कभी प्लास्टिक को काम में नहीं लेने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने मंदिर में चढ़ाए गए फल आदि सामग्री को नियत स्थान पर एकत्र करने के बाद गोशाला और जरूरतमंद लोगों तक बांटा।
……
पत्रिका के स्वर्णिम भारत अभियान के तहत झाडख़ंड भक्त मंडल सेवा समिति और बब्बू सेठ मेमारियल ट्रस्ट से जुड़े श्रद्धालुओं ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए जाति और धर्म से उठकर समानता का व्यवहार करने की शपथ ली। मंदिर के बब्बू सेठ ट्रस्ट अध्यक्ष जयप्रकाश सोमानी और समिति अध्यक्ष राकेश गौतम की अगुवाई में नागरिकों ने भगवान शिव पर अर्पित आक धतूरा आदि पूजन सामग्री को हटाकर सफाई की। समिति प्रवक्ता धर्मपाल चौधरी की टीम ने स्वच्छता के लिए लोगों को जागरुक किया। वैशाली नगर थाना प्रभारी अनिल जैमन,करणी विहार के पन्नालाल और चित्रकूट थाना प्रभारी विरेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने मातृभूमि को स्वच्छ रखने के लोगों को जागरुक किया। यहां यूरोप के विदेशी फूलों से भोलेनाथ का अभिषेक किया। हजारों किया प्रसाद जरूरतमंदों तक बांटा।
……

यहां भी भक्तों का तांता

साल में केवल एक बार शिवरात्रि पर खुलने वाले मोती डूंगरी स्थित एकलिंगेश्वर महादेव मंदिर में तड़के से ही लंबी कतारें लगना शुरू हो गई। अपने आराध्य की एक झलक पाने के लिए भक्तों को घंटों इंतजार करना पड़ा। दर्शन करने वाले भक्तों की कतारें जेडीए सर्किल तक पहुंच गई। सिटी पैलेस स्थित राज राजेश्वर शिव मंदिर भी केवल शिवरात्रि पर दर्शनों के लिए खुलता है यहां भी भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिली। कूकस स्थित सदाशिव ज्योर्तिलिंगेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं को दूध मिश्रित गंगाजल से बारह ज्योर्तिलिंगों का अभिषेक किया। विष्णु नाटाणी ने बताया कि चढ़ाए गए प्रसाद से गोकाष्ठ और खाद तैयार की गई। बनीपार्क के जंगलेश्वर महादेव मंदिर में श्वेत शिवलिंग के अभिषेक के बाद शाम को भोलेनाथ का श्रृंगार किया गया। चार प्रहर की पूजा प्रारंभ हुई। रातभर भजन संध्या का दौर चला।
—————————
गलता गेट स्थित मंदिर श्री गीता गायत्रीजी स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंग में शिवरात्रि महोत्सव पंडित राजकुमार चतुर्वेदी के सान्निध्य में धूमधाम से मनाया गया। जंग्लेश्वर, काला महादेव, भूतेश्वर, अंबिकेश्वर, गेटेश्वर, ग्यारह रूद्र शिवलिंग मंदिर, यंत्रेश्वर, जागेश्वर महादेव मंदिर में विभिन्न औषधि द्रव्यों और पंचामृत से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया गया। मानसरोवर स्थित ओमाश्रय सेवाधाम में यशपाल यश के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ। सांगानेर स्थित मुख्य बाजार में सिंधु समाज वेलकम गु्रप की ओर से प्रसाद बांटा गया। धुलेश्वर महादेव मंदिर, गीता गायत्री स्थित संतानेश्वर महादेव मंदिर, गेटेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी भक्तों का तांता लगा रहा। हाथोज धाम स्थित महाकालेश्वर महादेव मंदिर में स्वामी बालमुकुंदाचार्य, न्यूसांगानेर रोड प्रजापति विहार स्थित गुरुकुल वेदाश्रम शिवालय में महंत मनोहरदास के सान्निध्य में अनुष्ठान हुआ।
———-————
गलता तीर्थ में स्वामी अवधेशाचार्य के सान्निध्य में प्राचीन शिवालयों में पूजन हुआ। गलतातीर्थ और स्वयेसंवी संस्थाओं की ओर से अन्नक्षेत्र, प्रसादी, पेय सहित अन्य नि:शुल्क सेवाओं की व्यवस्था की गई। इसके बाद 4 प्रहर की पूजा की गई। इस दौरान चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। युवराज स्वामी राघवेन्द्र ने बताया कि जीवनदास रावतानी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से गलता जी तीर्थ में पहाडिय़ों के बीच शिवदरबार और भक्ति संगीत कार्यक्रम हुआ। अध्यक्ष मनु रावतानी ने बताया कि भगवान शिव की 20 फीट की ऊंची प्रतिमा का दरबार सजाया गया। स्वामी अवधेशाचार्य के सान्निध्य में हरियाणा के कलाकारों ने तांडव नृत्य की प्रस्तुति दी । बड़ी संख्या में सिंधी समाज सहित अन्य लोग यहां पहुंचें। दिनभर मेले सा माहौल नजर आया।

………..


प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय वैशाली नगर की ओर से शिव परमात्मा का शिव झंडारोहण किया। जयपुर क्षेत्र संचालिका बीके सुषमा बहन बीके चंद्रकला बहनए पुलिस अधीक्षक आयुक्त बीएल सोनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय किशनपोल बाजार में शिव परमात्मा की प्रभात फेरी नाहरगढ रोड से खुटेटा का रास्ता तक निकाली गई कई मनमोहक झांकियां, शिव परमात्मा का रथ सजाया गया। ब्रह्माकुमारी आश्रम बनी पार्क में सिंधी कॉलोनी में बर्फ की शिव ज्योति बनाई गई।

ट्रेंडिंग वीडियो