दिल्ली में महिला पहलवानों का केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध, जयपुर में यूथ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

दिल्ली में महिला पहलवानों की ओर से धरना दिया जा रहा है।

<p>दिल्ली में महिला पहलवानों का धरना, जयपुर में यूथ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन</p>
जयपुर। दिल्ली में महिला पहलवानों की ओर से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। यौन शोषण मामले में महिला पहलवानों की ओर से केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की जा रही है। महिला पहलवानों की ओर से भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। दिल्ली में लंबे समय से महिला पहलवान विरोध प्रदर्शन कर रही है।
इस मामले में शनिवार को राजधानी जयपुर में यूथ कांग्रेस सड़क पर उतरी। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च शुरू किया गया। यह मार्च शहीद स्मारक तक निकाला गया। पैदल मार्च में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा की ओर से आरोपी सांसद को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। शर्म की बात है कि देश का नाम रोशन करने वाली बेटियों को सड़क पर खड़े होकर न्याय मांगना पड़ रहा है।
राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष सतवीर चौधरी ने कहा कि महिला पहलवानों को लंबे समय से न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है। हमारी बहन बेटियों ने देश का नाम रोशन किया है, जिन्हें आज इंसाफ नहीं मिल रहा है। आरोपी सांसद बृजभूषण सिंह के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हो चुका है, उसके बाद भी भाजपा की ओर से उसके खिलाफ कोई कार्रवाई अब तक नहीं की गई है। साथ ही अब तक आरोपी को गिरफ्तार भी नहीं किया गया है। ऐसे में साफ है कि भाजपा की ओर से आरोपी को संरक्षण दिया जा रहा है। चौधरी ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में चुप नहीं बैठेगी। हमारी बहन बेटियों को इंसाफ दिलाने के लिए कांग्रेस उनके साथ लड़ाई लड़ेगी। आज जयपुर में यूथ कांग्रेस की ओर से पैदल मार्च निकाला गया है। अगर यही हालात रहे तो यूथ कांग्रेस की ओर से दिल्ली में भी पैदल मार्च निकाला जाएगा और भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.