रसोई गैस,पेट्रोल-डीजल की दरों में वृद्धि के खिलाफ युवा कांग्रेस का हल्ला बोल
-आज सभी जिला मुख्यालयों पर युवा कांग्रेस करेगी प्रदर्शन, दोपहर 12.30 बजे होगा जयपुर जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर और चूल्हे को जलाकर जताएंगे विरोध

जयपुर। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की दरों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ लोगों का आक्रोश सामने आने लगा है। इसे लेकर राजनीतिक दलों से जुड़े संगठनों ने भी केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ हल्ला बोल दिया है। कांग्रेस के अग्रिम संगठन युवा कांग्रेस भी आज प्रदेश के सभी जिलों में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की दरों में लगातार वृद्धि के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है।
दोपहर 12:30 बजे प्रदेश युवक कांग्रेस की ओर से सभी जिला मुख्यालयों पर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। राजधानी जयपुर में दोपहर 12:30 बजे जयपुर में जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की दरों में हुई वृद्धि को वापस लेने की मांग करेंगे।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन के दौरान प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर और चूल्हे को जलाकर अपना विरोध जताएंगे। युवा कांग्रेस के इस प्रदर्शन में प्रदेशाध्यक्ष गणेश घोगरा, प्रदेश उपाध्यक्ष संजीता सिहाग सहित कई कार्यकर्ता शामिल होंगे।
इससे पहले युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सवाई जयसिंह हाइवे स्थित युवा कांग्रेस मुख्यालय पर एकत्रित होंगे। इसके बाद रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचेंगे और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
युवक कांग्रेस की उपाध्यक्ष संजीता सिहाग का कहना है कि आज पेट्रोल डीजल और रसोई गैस की दर वृद्धि के खिलाफ सभी जिला मुख्यालय पर युवा कांग्रेस की ओर से प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और लॉकडाउन के चलते पहले ही लोगों की आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है। बावजूद इसके केंद्र सरकार लोगों के रोजमर्रा की जरूरत वाली चीजों के लगातार दाम बढ़ाकर उनकी कमर तोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस के दाम बढ़ने से रसोई का बजट बिगड़ता जा रहा है।
मंत्री-सांसदों का करेंगे घेराव
प्रदेश उपाध्यक्ष सिहाग का कहना है कि प्रदर्शनों के जरिए मोदी सरकार से मांग की जाएगी कि वह पेट्रो पदार्थों के बढ़े हुए दाम वापस लेकर आम लोगों को राहत दे। अगर ऐसा नहीं होता है तो फिर राजस्थान में केंद्र के मंत्रियों और भाजपा के सभी सांसदों का घेराव किया जाएगा।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज