scriptWeather Report: 34 दिन बाद जैसलमेर में पारा 45 डिग्री पार | After 34 days, mercury crossed 45 degrees in Jaisalmer | Patrika News

Weather Report: 34 दिन बाद जैसलमेर में पारा 45 डिग्री पार

locationजैसलमेरPublished: Jun 26, 2022 08:09:28 pm

Submitted by:

Deepak Vyas

– भीषण गर्मी के साथ उमस ने तड़पाया

34 दिन बाद जैसलमेर में पारा 45 डिग्री पार

34 दिन बाद जैसलमेर में पारा 45 डिग्री पार

जैसलमेर. मानसून के आने की बाट जोह रहे जैसलमेर के बाशिंदों को भीषण गर्मी ने जोर का झटका धीरे से दिया है। शनिवार को राज्य भर में सबसे ज्यादा तापमान वाले जैसलमेर में रविवार को सूर्यदेव की भृकुटि और तन गई तथा तापमापी का पारा मनोवैज्ञानिक दायरे से बाहर यानी 45 डिग्री को पार कर गया और यह 45.5 डिग्री सै. रिकॉर्ड किया गया। जैसलमेर में इससे पहले गत 22 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री रहा था। इसके 34 दिन बाद तापमान ने इतनी ऊंचाई अर्जित की है। इन दिनों भीषण गर्मी के साथ उमस के गठबंधन ने लोगों को बुरी तरह से पसीने में नहाते रहने पर विवश कर रखा है और मौसम का यह मिजाज उनके लिए अब असहनीय होने लगा है। इस ग्रीष्मकाल में शहर का मौसम 47 डिग्री को भी पार कर गया था। तब भी लोग इतना बेचैन नहीं हुए थे क्योंकि तब उमस नहीं थी। रविवार को अधिकतम तापमान तमाम दायरों को बाहर चला गया।
सडक़ों पर अघोषित कफ्र्यू
रविवार को वैसे तो अवकाश होने पर सडक़ों पर रौनक आम दिनों की अपेक्षा थोड़ी कम रहती ही है लेकिन भीषण गर्मी के चलते अघोषित कफ्र्यू के हालात दिखाई दिए। दोपहर के समय सबसे व्यस्त हनुमान चौराहा पर भी इक्का-दुक्का लोग और वाहन चलते दिखाई दिए। धूप में खड़े रहने से दुपहिया वाहनों की सीट और लीवर, ब्रेक आदि इतने गरम हो गए कि उन पर बैठना या चलाना मुश्किल हो गया। अनेक जनों ने धूप से हटा कर कुछ देर वाहनों को छाया में खड़ा किया, फिर वे उस पर सवार हो पाए। इसी तरह से तीखी धूप में पशुधन भी आसपास पेड़ों की छांव या किसी दीवार की छाया को ताकते दिखाई दिए। जैसलमेर की खासियत मानी जाने वाली रातों की ठंडक भी इन दिनों सिरे से गायब है। रात का न्यूनतम तापमान भी 30.6 डिग्री तक पहुंच गया है। इसका मतलब साफ है कि लोगों को दिन और रात किसी भी समय सुकून नहीं मिल पा रहा है। रविवार दोपहरी में तो एयरकंडीशनर भी हांफते महसूस हुए। कुलर और पंखों की तो फिर शीतलता देने की बिसात ही नहीं रही।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो