जैसलमेरPublished: May 26, 2023 09:46:10 pm
Deepak Soni
पोकरण क्षेत्र के रामदेवरा गांव में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने शुक्रवार को बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन किए। साथ ही जाट धर्मशाला में भाजपा पोकरण, पोकरण ग्रामीण, सांकड़ा व रामदेवरा मंडल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक ली।
पोकरण. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने शुक्रवार को क्षेत्र के रामदेवरा गांव में बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन किए। उन्होंने बाबा की समाधि पर विधि विधान से पूजा-अर्चना कर अमन, चैन व खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस दौरान कई भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक लेकर किया संबोधित
रामदेवरा गांव में पोकरण रोड पर स्थित जाट धर्मशाला में भाजपा के पोकरण, पोकरण ग्रामीण, सांकड़ा व रामदेवरा मंडल के पदाधिकारियांे व कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओ को हमें जन जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार जो राशि जारी करती है, प्रदेश के अंतिम छोर के व्यक्ति तक वह राशि पहुंचती है।
उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता की सभी कल्याणकारी योजनाएं तो केंद्र सरकार की है। राज्य की अशोक गहलोत सरकार तो बीच में ऐसे ही क्रेडिट ले रही है। उन्होंने पोकरण की धरती को शक्ति और भक्ति की बताते हुए नमन किया।
बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री केके विश्नोई, जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महंत प्रताप पुरी, पूर्व विधायक शैतानसिंह राठौड़, छोटूसिंह भाटी, विक्रमसिंह नाचना, सांकड़ा प्रधान भगवतसिंह तंवर, ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष खीमाराम सुथार, भाजयुमो राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आईदानसिंह भाटी सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इससे पूर्व रामदेवरा मंडल अध्यक्ष उम्मेदसिंह ने सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन मदनसिंह राजथमाई ने किया।