scriptCrowd of devotees gathered to worship Guru | गुरु पूजन करने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ | Patrika News

गुरु पूजन करने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

locationजैसलमेरPublished: Jul 03, 2023 07:42:55 pm

Submitted by:

Deepak Soni

गुरु पूर्णिमा का पर्व सोमवार को कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह के साथ मनाया गया। लोगों ने मंदिरों व आश्रमों में पहुंचकर अपने गुरुओं का पूजन व अभिषेक किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

गुरु पूजन करने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
पोकरण. महारथी मारुति सेवा सदन आश्रम में चरण पादूका पूजन करते हुए।

पोकरण. गुरु पूर्णिमा का पर्व सोमवार को कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह के साथ मनाया गया। लोगों ने मंदिरों व आश्रमों में पहुंचकर अपने गुरुओं का पूजन व अभिषेक किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। सोमवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध मंदिरों व आश्रमों में श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। कस्बे के महारथी मारुति सेवा सदन आश्रम में संत ओम महाराज व बालसंत मारुतिनंदन के सानिध्य में संत धनुर्धराचार्य महाराज की समाधि पर अभिषेक किया गया। आचार्य पंडित राधाकिशन व्यास के सानिध्य में मुख्य यजमान महेश शर्मा फलोदी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने पूजन कर रुद्राभिषेक किया गया। साथ ही चरण पादूका पूजन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। यहां आए श्रद्धालुओं ने पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इसकेे अलावा मंदिर व आश्रम में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया गया। दोपहर बाद आरती कर प्रसादी का वितरण किया गया। देर शाम तक भी आश्रम में श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। कस्बे के महेशानंद महाराज के आश्रम में आचार्य पंडित अजय व्यास के सानिध्य में मूलचंद रंगा ने विशेष पूजा-अर्चना की। साथ ही 51 वेदपाठी पंडितों की ओर से रुद्राभिषेक किया गया। कस्बे के मदागण बास स्थित रामस्नेही संतों के रामद्वारे में गुरु पूर्णिमा पर संत करुणाराम महाराज व भगवानदास महाराज की समाधि पर विशेष पूजन किया गया। साथ ही संत दीपाराम महाराज को गुरु बनाकर उनका अभिषेक किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इसी प्रकार कस्बे के रामनाथ महाराज के आश्रम सहित अन्य मंदिरों व आश्रमों में श्रद्धालुओं की चहल पहल देखने को मिली।

Copyright © 2023 Patrika Group. All Rights Reserved.