जैसलमेरPublished: Jan 17, 2023 08:06:09 pm
Deepak Vyas
- भाजपा नेताओं ने लिया जायजा, सर्वे कर दिलाएं मुआवजा
पोकरण. गत कुछ दिनों से क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी का दौर चल रहा है। तापमान में लगातार हो रही गिरावट व शीतलहर के कारण रबी की फसलों में पाला पडऩे की घटनाएं हो रही है। जिसके कारण किसानों को नुकसान हो रहा है तथा किसान चिंतित नजर आ रहे है। गौरतलब है कि कड़ाके की सर्दी के मौसम में रबी की फसलों में पाला पड़ रहा है। रात के समय तेज शीतलहर के कारण ओस की बूंदे बर्फ में बदल रही है। पाला पडऩे के कारण किसानों की लाखों रुपए की फसलें नष्ट हो चुकी है। मंगलवार को भाजपा नेताओं ने क्षेत्र के कई गांवों का दौरा कर पाले से हुए नुकसान का जायजा लिया। भाजपा जिला मंत्री मदनसिंह राजमथाई, ओबीसी मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अर्जुनराम ओड, गोरधनसिंह रायधर, दुर्गादास राठी, भैरुसिंह भाटी ने मंगलवार को राजमथाई, धोलासर, सुभाषनगर, मसूरिया आदि गांवों का दौरा कर नलकूपों का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से मुलाकात कर नलकूपों व खेतों में खड़ी अरण्डी व रायड़े की फसल में नुकसान का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि गत कुछ दिनों से कड़ाके की सर्दी के मौसम में पाला पडऩे के कारण सर्वाधिक अरण्डी व रायड़े की फसल में नुकसान हुआ हैै। जिससे किसान चिंतित है और बर्बाद हो चुके है। उन्होंने सरकार से फसल खराबे का सर्वे करवाकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।
लाठी. नलकूप व कृषि बाहुल्य क्षेत्र में गत कुछ दिनों से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। कड़ाके की सर्दी के दौरान फसलों पर जमी बर्फ से पाले की चपेट में आई फसलें खराब हो गई है। जिससे किसानों को खासा नुकसान हुआ है। क्षेत्र में तेज सर्दी के सितम से आमजन परेशान है और घरों में दुबकने को मजबूर हो गए है। साथ ही किसानों पर भी आफत की सर्दी पड़ रही है। लाठी के साथ ही आसपास क्षेत्र में नलकूपों पर रबी की फसलों पर सर्दी के कारण बर्फ जम गई है। किसान रामस्वरूप विश्रोई, राजूराम चौधरी, कूंपसिंह भाटी, शेरसिंह, देवीसिंह, अचलसिंह, हुकमसिंह, उमरावसिंह, इन्द्रसिंह, भगवानसिंह, पप्पुसिंह सोढ़ाकोर ने बताया कि अरण्डी, सरसों, चना, मटरआदि फसलों में पाला पडऩे से नुकसान हुआ है। पाला पडऩे व बर्फ जम जाने के कारण फसलें बर्बाद हो चुकी है। किसानों ने बताया कि इस अच्छी उपज की संभावना थी, लेकिन गत कुछ दिनों से पाला पडऩे के कारण किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है।
दिलाएं मुआवजा
फलसूंड (आंचलिक). क्षेत्र के किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी को सुपुर्द कर फसल खराबे का सर्वे करवाकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। पंचायत समिति भणियाणा की प्रधान दौलीदेवी गोदारा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य रणवीरसिंह गोदारा के नेतृत्व में राजमथाई क्षेत्र के किसानों ने उपखंड अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि क्षेत्र में शीतलहर व कड़ाके की सर्दी के कारण फसलों में पाला पडऩे से नुकसान हुआ है। पाला पडऩे के कारण खेतों व नलकूपों पर खड़ी अरण्डी, जीरा, सरसों आदि फसलों में खराबा हुआ है। किसानों ने राजमथाई, मसूरिया, सुभाषनगर, हरियासर, धोलासर, करणीनगर, मेकूबा, बांधेवा सहित दर्जनों गांवों में खड़ी फसलों में हुए नुकसान का सर्वे व विशेष गिरदावरी करवाकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।