धर्म-कर्म : हनुमान जन्मोत्सव पर कल होंगे धार्मिक अनुष्ठान
- दो मंदिरों में 251-251 किलो के राटे का चढ़ेेगा प्रसाद
जैसलमेर
Updated: April 14, 2022 08:09:22 pm
पोकरण. रामभक्त हनुमान के जन्मोत्सव के मौके पर शनिवार को मंदिरों में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मंदिरों में रोटे का प्रसाद चढ़ाया जाएगा। जिसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है। कस्बे के प्रसिद्ध बांकना हनुमान मंदिर व सालमसागर तालाब स्थित हनुमान मंदिर में 251-251 किलो आटे के रोटे का प्रसाद चढ़ाया जाएगा। इसके लिए दो मंदिरों में गुरुवार को रोट तैयार कर उसे सेकने के लिए अंगारों में रखा गया। जिसे शुक्रवार को पुन: बाहर निकाला जाएगा। गौरतलब है कि प्रतिवर्ष हनुमान जयंती के मौके पर सालमसागर तालाब स्थित हनुमान मंदिर, बांकना हनुमान मंदिर सहित अन्य मंदिरों में रोटे का प्रसाद चढ़ाया जाता है। जिसके अंतर्गत विशेष कारीगरों की ओर से रोट तैयार किया जाता है।
651-651 किलो का होगा चूरमे का प्रसाद
आटे के इतने बड़े रोट बनाने वाले विशेष कारीगर जगदीश जोशी, ओमप्रकाश बिस्सा व लालभा गुचिया ने बताया कि कस्बे के बांकना व सालमसागर तालाब स्थित हनुमान मंदिरों में चूरमे का प्रसाद तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 251 किलो आटे को 190 किलो दूध में गूंथकर रोट तैयार किया गया। जिसे सूती कपड़े व बारदाना में लपेटकर 20 हजार कण्डों के अंगारे में रखा गया, जो शुक्रवार को सुबह तक सिक कर तैयार होगा तथा दोपहर बाद अंगारों से बाहर निकालकर उसका चूरमा तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चूरमा बनाते समय इसमें 110 किलो शक्कर, 170 किलो घी, 30 किलो काजू, किशमिश, बादाम, दो किलो इलायची डाली जाएगी। उन्होंने बताया कि पूरे मिश्रण से करीब 651 किलो चूरमा तैयार होगा। उन्होंने बताया कि दोनों मंदिरों में 651-651 किलो का चूरमा तैयार कर श्रद्धालुओं में वितरण किया जाएगा।
होंगे धार्मिक अनुष्ठान
हनुमान मंदिरों में हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर कई धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। मंदिरों में सुबह प्रतिमाओं पर अभिषेक, दोपहर में धार्मिक कार्यक्रमों के बाद शाम के समय सुंदरकांड, हनुमान चालिसा व आरती के बाद प्रसादी का वितरण किया जाएगा।

धर्म-कर्म : हनुमान जन्मोत्सव पर कल होंगे धार्मिक अनुष्ठान
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
