
पोकरण कस्बे के मुख्य मार्गों पर खड़े हाथ ठेलों से आए दिन बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी यातायात पुलिस की ओर से हाथ ठेला संचालकों को सडक़ पर खड़े नहीं रहने की हिदायत दी गई। जिसके बाद हाथ ठेला संचालकों ने वृताधिकारी से मिलकर फरियाद लगाई। गौरतलब है कि कस्बे के जयनारायण व्यास सर्किल, जोधपुर रोड, जैसलमेर रोड, अस्पताल रोड पर सडक़ किनारे बड़ी संख्या में हाथ ठेले खड़े रहते है। मुख्य मार्गों पर स्थित दुकानों, उनके टिन शेड और सामान के बाद खड़े हाथ ठेलों के कारण सडक़ की चौड़ाई कम हो जाती है। ऐसे में कई बार सडक़ पर जाम लग जाता है और यातायात व्यवस्था बिगड़ जाती है। हालांकि हाथ ठेला संचालक सीएलजी बैठकों एवं कार्रवाई होने पर पुलिस को सहयोग की बात करते है, लेकिन कुछ संचालक अपने हाथ ठेला अस्त-व्यस्त खड़े रखने के साथ सडक़ पर आ जाते है। जिसके कारण बिगड़ी यातायात व्यवस्था से राहगीरों, वाहन चालकों व आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पुलिस वृताधिकारी भवानीसिंह राठौड़ ने यातायात पुलिस को यहां बिगड़ी व्यवस्था को सुधारने और हाथ ठेलों को सडक़ से हटाने के निर्देश दिए। जिसके बाद गत दो दिनों से यातायात पुलिस प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक सवाईसिंह तंवर के नेतृत्व में टीम की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही हाथ ठेला संचालकों को भी सडक़ पर अपने हाथ ठेले खड़े नहीं करने के लिए पाबंद किया गया। जिसके बाद रविवार को हाथ ठेला संचालकों ने विरोध भी जताया, लेकिन पुलिस ने किसी भी तरह की रियायत देने से इनकार कर दिया और सोमवार को सुबह हाथ ठेलों को यहां खड़े नहीं करने दिया गया।
यातायात पुलिस की ओर से हाथ ठेला संचालकों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई को लेकर सोमवार को ठेला संचालक एकत्रित होकर पुलिस वृताधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस वृताधिकारी भवानीसिंह राठौड़ से उनके विरुद्ध कार्रवाई नहीं करने और उन्हें उचित जगह दिलाने की मांग करते हुए बताया कि वे पुलिस को पूरा सहयोग करेंगे। साथ ही हाथ ठेलों को सडक़ किनारे इस प्रकार खड़ा करेंगे कि यातायात व्यवस्था नहीं बिगड़े। पुलिस वृताधिकारी राठौड़ ने किसी भी हाथ ठेला संचालक को सडक़ पर अपने हाथ ठेले खड़े नहीं करने की बात कही।
सूचना पर नगरपालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित, अधिशासी अधिकारी झब्बरसिंह, यातायात पुलिस प्रभारी सवाईसिंह तंवर, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र माली, पूर्व अध्यक्ष मुकेश शर्मा भी वृताधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां हाथ ठेला संचालकों ने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद यातायात पुलिस ने हाथ ठेला संचालकों को सडक़ किनारे फुटपाथ की सीमा में अपने हाथ ठेले खड़े करने के लिए पाबंद किया। साथ ही किसी भी हाथ ठेला संचालक की ओर से यातायात व्यवस्था बाधित करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
Published on:
03 Feb 2025 09:21 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
