रामनवमी पर शोभायात्रा की समीक्षा कर किया सम्मान
- आगामी कार्ययोजना पर चर्चा
जैसलमेर
Updated: April 25, 2022 08:20:52 pm
पोकरण. विश्व हिन्दू परिषद की ओर से गत रामनवमी के मौके पर कस्बे में आयोजित शोभायात्रा की समीक्षा, स्वयंसेवकों के सम्मान व आगामी कार्ययोजना को लेकर एक बैठक बाबा गरीब साहेब आश्रम के संत निर्मलदास महाराज के सानिध्य में संघ कार्यालय में आयोजित की गई। बजरंग दल के विभाग संयोजक लालूसिंह सोढ़ा ने संबोधित करते हुए कहा कि हिन्दूत्व से ही देश का उत्थान संभव है। उन्होंने समाज के लोगों से राष्ट्र की सेवा में भागीदार बनकर आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में निवास करने वाला प्रत्येक व्यक्ति सीमा का रक्षक है। इसलिए लोगों के मन में राष्ट्रीयता का भाव उत्पन्न होना आवश्यक है। उन्होंने रामनवमी के मौके पर निकाली गई शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए स्वयंसेवकों का आभार जताया तथा नए स्वयंसेवकों का स्वागत किया। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की योजना की जानकारी दी। विहिप के विभाग मंत्री पवन वैष्णव ने संगठन के कार्य में विस्तार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता में संगठन के प्रति समर्पण भाव होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन का दर्पण होता है। इसलिए जो भी जिम्मेदारी मिलती है, उसे पूरी इमानदारी व निष्ठा के साथ पूरी करनी चाहिए।
इनका किया सम्मान
विहिप की ओर से रामनवमी महोत्सव समिति की ओर से आयोजित शोभायात्रा में सहयोग करने वालों का सम्मान किया गया। इस मौके पर सुमेरराम, पप्पुराम, संजय गांधी, झांसी की रानी का किरदार निभाने वाली बालिका, प्रजापत समाज, महाराणा प्रताप व उनकी सेना के रूप में शामिल राजपूत छात्रावास के छात्र, भगवान परशुराम बने भरत बोहरा, जैम्स स्काउट स्कूल के बालकों, बाल स्वरूप का चित्रण करने वाले बच्चों, स्कूल प्रबंधक जेठूसिंह, आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों की ओर से सजाए गए रामदरबार, प्राथमिक के बालकों, प्रधानाध्यापक अरुण छंगाणी आदि को स्मृति चिन्ह देकर व दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही भामाशाहों का भी सम्मान किया गया।
सौंपे दायित्व
कार्यक्रम के दौरान मनोज शर्मा को सत्संग प्रमुख, संजय गांधी को सेवा प्रमुख, जेठूसिंह को मीडिया प्रभारी, अचलाराम को धर्माचार्य प्रमुख, मुकेश को समन्वय प्रमुख मनोनीत कर दायित्व सुपुर्द किया गया। इस मौके पर रामनवमी महोत्सव समिति के अध्यक्ष विष्णुकुमार छंगाणी, विहिप के नगर अध्यक्ष शिवा गहलोत, प्रखंड मंत्री तनेरावसिंह राजगढ़, बजरंग दल प्रखंड संयोजक वीरमसिंह सनावड़ा, गोसेवा प्रमुख धनराज माली, जितेन्द्र शर्मा आदि उपस्थित रहे। नगर अध्यक्ष शिवा गहलोत ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन वीरमसिंह ने किया।

रामनवमी पर शोभायात्रा की समीक्षा कर किया सम्मान
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
