रामनवमी पर आज निकलेगी विशाल शोभायात्रा
- शहर भर में सघन जनसम्पर्क किया
जैसलमेर
Published: April 09, 2022 07:45:39 pm
जैसलमेर. भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार को इस बार जैसलमेर मुख्यालय पर विशाल शोभायात्रा निकाले जाने की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। रामनवमी महोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस शोभायात्रा को जैसलमेर के इतिहास में अपूर्व बताया जा रहा है। रविवार सुबह 8.30 बजे शोभायात्रा गड़ीसर प्रोल से रवाना होकर गुलासतला, आसनी पथ, गोपा चौक, सदर बाजार, कचहरी मार्ग, गांधी चौक से हनुमान चौराहा होते हुए शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में जाकर सम्पन्न होगी। शोभायात्रा में हाथी, 51-51 सजे-धजे घोड़े और ऊंट, इतनी ही संख्या में बाइक्स व चार पहिया वाहन शामिल किए गए हैं। इसके अलावा मंगल कलश धारण किए हुए बालिकाएं, महिलाएं और पुरुष शोभायात्रा का हिस्सा होंगे। शोभायात्रा को लेकर पिछले दिनों से बस्तीवार बैठकें आयोजित की गई तथा पेंपलेट बांटकर जनसंपर्क किया गया। शनिवार सायं शहर के मुख्य बाजारों में कार्यकर्ताओं ने आमजन व दुकानदारों आदि से शोभायात्रा का हिस्सा बनने और इसका स्वागत करने की अपील की। शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए विभिन्न लोगों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जगह-जगह स्वागत की तैयारी
शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत करने को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। पुष्पवर्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। ऐसे ही गोपा चौक, सदर बाजार, गांधी चौक, हनुमान चौराहा और अन्य क्षेत्रों में ऊॅं लिखी भगवा पताकाओं से सजावट की गई है। जगह-जगह लोगों ने रामनवमी महोत्सव शोभायात्रा से संबंधित बैनर्स व हॉर्डिंग्स लगाए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि रविवार को हजारों की तादाद में लोग शोभायात्रा का हिस्सा बनेंगे और उनका स्वागत करने के लिए शहर भर के लोग उमडेंग़े।
फोटो : रामनवमी महोत्सव को लेकर बाजार में जनसम्पर्क करते कार्यकर्ता।

रामनवमी पर आज निकलेगी विशाल शोभायात्रा
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
