Video: संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य : फकीर
- डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती पर कई जगहों पर हुए कार्यक्रम
जैसलमेर
Published: April 14, 2022 08:04:47 pm
पोकरण. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व जिला प्रमुख व जिला परिषद सदस्य अब्दुला फकीर ने कहा कि संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि संविधान बचेगा तभी राष्ट्र सुरक्षित होगा। उन्होंने भारत रत्न, संविधान निर्माता, बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर की 131वीं जयंती के मौके पर कस्बे के अंबेडकर सर्किल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब के बताए मार्गों पर चलकर राष्ट्र को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने बाबा साहब के शिक्षित बनो, संगठित रहो व संघर्ष करो के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि जब पूरा समाज शिक्षित होगा, तभी राष्ट्र विकसित होगा। उन्होंने बाबा साहब सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों व महापुरुषों को नमन करते हुए उनके बताए मार्गों पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित ने बाबा साहब की ओर से किए गए संघर्ष, दलितों, पिछड़ोंं व समाज के उत्थान को लेकर किए गए कार्यों एवं योगदान को याद करते हुए उनके सपनों का भारत बनाने तथा समाज को राष्ट्र के विकास की मुख्यधारा में जोडऩे का आह्वान किया। कार्यक्रम में बीएसएफ सीओ रणवीरसिंह ने कहा कि देश संविधान की बदोलत मजबूत है। उन्होंने संविधान की रक्षा करने, संविधान के अनुसार चलकर देश को मजबूत करने व राष्ट्र के विकास में भागीदार बनने की बात कही। इस मौके पर नगरपालिका उपाध्यक्षा संजना चंदेल, तहसीलदार अशोककुमार हींगड़ा, प्रधानाचार्य भंवरलाल सूंडिया, शिक्षाविद् रेंवताराम बारूपाल, राजेन्द्रकुमार, पंचायत समिति सदस्य देव चौहान, बाबूराम बारूपाल, गणपतराम गर्ग, रामचंद्र जीनगर, हर्षिता नागौरा, भावना दैया, प्रियंका जयपाल ने बाबा साहब के जीवन पर प्रकाश डाला तथा उनके बताए मार्गों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन राजूराम मोडरडी व वीरमाराम मेड़़वा ने किया। शेराराम पूनड़ ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर चेतनराम जयपाल, भगाराम देवपाल, नेमाराम गोंसाई, मोहनलाल जीनगर, सरपंच सालूराम बारठ का गांव, फजलदीन माड़वा, सरोज भील, जुगलकिशोर व्यास, बीएसएफ के अरुणकुमारसिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान गत दिनों आयोजित की गई सामाजिक जागरुकता प्रतियोगिता व वॉलीबॉल प्रतियोगिता में विजेता रहे प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
संविधान का करें सम्मान
आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर राज्य सरकार के निर्देशानुसार गुरुवार को बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती के मौके पर नगरपालिका सभागार में उपखंड स्तरीय समरसता दिवस संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर उपखंड अधिकारी राजेशकुमार विश्रोई ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहब ने समतामूलक संविधान की स्थापना की। उन्होंने बाबा साहब के बताए मार्गों पर चलकर संविधान का सम्मान करने तथा नवभारत का निर्माण करने के लिए प्रत्येक नागरिक को भागीदार बनने का आह्वान किया। इस मौके पर मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए गोमट प्रधानाचार्य हेमशंकर जोशी ने कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे सर्वश्रेष्ठ संविधान है, जो देशवासियों को आपसी भाईचारे, समानता, समरसता का संदेश देता है। उन्होंने संविधान के निर्माण, उसकी अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत का संविधान एक ऐसा दस्तावेज है, जो देश को एकजुट कर विकास के पथ पर आगे बढऩे का संदेश देता है। उन्होंने बाबा साहब के शिक्षित, संगठित बनकर संघर्ष करने की बात कही। उन्होंने देश के लोगों से जाति व धर्म से बढ़कर राष्ट्रीयता की भावना को मजबूत करने, शोषित व पीडि़त वर्ग के न्याय के लिए कार्य करने, बाबा साहब के जीवन दर्शन का अध्ययन कर महापुरुषों के बताए मार्गों पर चलने तथा लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.झंवरराम जुइया ने कहा कि संविधान देश की नींव है। जिससे मानसिकता, ज्ञान, विज्ञान का विकास होता है। इसलिए संविधान को मजबूत करना ही राष्ट्र को मजबूत करता है। कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक मोटाराम गोदारा, एसीबीइओ विष्णुकुमार छंगाणी, गांधी जीवन दर्शन समिति के हेमंतकुमार पालीवाल, पार्षद श्रीकिशन प्रजापत, भाटीलाल शर्मा व रमेश माली सहित लोग उपस्थित रहे। संचालन राजेश उज्ज्वल ने किया।

Video: संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य : फकीर
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
