Video: झंडे को लेकर सियासत तेज, भाजपा-कांग्रेस ने जुलूस निकालकर किया विरोध
प्रदर्शन
जैसलमेरPublished: Jul 08, 2021 12:36:19 pm
– भाजपा कर रही स्थान परिवर्तन की मांग, तो कांग्रेस उसी जगह लगाने पर अड़ी
Video: झंडे को लेकर सियासत तेज, भाजपा-कांग्रेस ने जुलूस निकालकर किया विरोध प्रदर्शन
पोकरण. भीषण गर्मी के मौसम के साथ परमाणु नगरी में इन दिनों झंडे की सियासत भी काफी गर्म हो रही है। कस्बे में जैसलमेर रोड पर शक्तिस्थल के सामने 100 फीट ऊंचा झंडा लगाने का कार्य चल रहा है। जिसका कांग्रेस समर्थन में जुट गई है, तो भाजपा विरोध कर रही है। ऐसे में दोनों सियासी दल आमने-सामने नजर आ रहे है तथा सियासी चर्चाएं भी जोर पकड़ रही है। गौरतलब है कि नगरपालिका की ओर से प्रशासक काल में प्रस्ताव लेकर शक्तिस्थल के सामने 100 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा लगानेे का निर्णय लिया गया। जिसका टेंडर भी जारी कर दिया गया। 10 दिन पूर्व कार्य शुरू होने के बाद भाजपा इसका विरोध करने लगी तथा स्थान परिवर्तन करने की मांग करने लगी। भाजपा का आरोप है कि शक्तिस्थल के नाम पर केबिनेट मंत्री व पोकरण विधायक शाले मोहम्मद के घर के आगे झंडा लगाया जा रहा है, जो एक व्यक्ति को खुश करने के लिए नगरपालिका की राशि का दुरुपयोग है। कई दिनों से चल रहे विरोध के बाद बुधवार को कांग्रेस भी खुलकर सामने आ गई हैै तथा झंडे को इसी जगह लगाने की मांग करने लगी है। ऐसे में सियासी गर्माहट बढ़ गई है।
कांग्रेस ने निकाला जुलूस, स्थान परिवर्तित नहीं करने की मांग
नगरपालिका के नेता प्रतिपक्ष व वरिष्ठ पार्षद नारायण रंगा, राजेन्द्र पुरोहित, विजय व्यास के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों व बड़ी संख्या में लोगों ने बुधवार को सुबह जुलूस निकाला। गांधी चौक से निकाला जुलूस मुख्य मार्गों से होते हुए उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचा। यहां उन्होंने उपखंड अधिकारी के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार बंटी राजपूत को सुपुर्द कर बताया कि परमाणु परीक्षण की याद को चिरस्थायी बनाने के लिए जैसलमेर रोड पर जिला प्रशासन की ओर से शक्तिस्थल स्थापित किया गया था। जिसके आगे नगरपालिका की ओर से झंडा लगाया जा रहा हैै, जो राष्ट्र के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि राजनीतिक विद्वेष के कारण स्थान परिवर्तन करने की मांग की जा रही है, जो गलत है। राष्ट्रीय ध्वज के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नगरपालिका की ओर से लगाए जा रहे झंडे के स्थान को उचित बताते हुए इसी जगह लगाने और स्थान परिवर्तन नहीं करने की मांग की है। इसके बाद कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका अधिशासी अधिकारी तनुजा सोलंकी से भी मुलाकात कर ज्ञापन दिया और स्थान परिवर्तित नहीं करने की मांग की। इस मौके पर पार्षद मांगीलाल गहलोत, संतोष माली, राजेन्द्रसिंह चंपावत, श्रीकृष्ण प्रजापत, श्याम जटिया, सवाईसिंह, अशोक दैया, नैनूखां, हेमंत पालीवाल, गोपाल जोशी, रमेश माली, गोपाल रंगा, अखेराज ओझा, महेश पुरोहित सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा ने भी जुलूस निकालकर किया प्रदर्शन
झंडे के स्थान परिवर्तन की मांग को लेकर भाजपा नेताओं ने भी बुधवार को दोपहर जुलूस निकाला। जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा, पंचायत समिति सांकड़ा के प्रधान भगवतसिंह तंवर, नगर मंडल अध्यक्ष मुकेश शर्मा, जिला मंत्री मदनसिंह राजमथाई, सुशील व्यास, भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष खीमाराम सुथार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुलूस निकालकर नारेबाजी करते हुए नगरपालिका कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अधिशासी अधिकारी तनुजा सोलंकी से मुलाकात कर झंडे का कार्य रुकवाने व स्थान परिवर्तित करने की मांग की। उन्होंने कार्य नहीं रुकवाने पर रोष जताते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। साथ ही करीब आधे घंटे तक पालिका कार्यालय में धरना भी दिया। अधिशासी अधिकारी सोलंकी ने कार्य रुकवाने का भरोसा दिलाया। जिस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध समाप्त किया। इस मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित, पार्षद दिनेश व्यास, भणियाणा मंडल अध्यक्ष महेश कड़वासरा, मालमसिंह सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।