धोरों पर विज्ञान का ज्ञान फैलाने में जिम्मेदारों का नहीं ध्यान
जैसलमेरPublished: Feb 28, 2023 08:34:05 pm
- कहीं विज्ञान संकाय नहीं तो कहीं ऐच्छिक विषय गणित ही नहीं
- सरहदी क्षेत्र में विज्ञान विषय से संबधित रोजगारोन्मुखी शिक्षण की भी दरकार


धोरों पर विज्ञान का ज्ञान फैलाने में जिम्मेदारों का नहीं ध्यान
जैसलमेर. सरहद से सटे जैसलमेर जिले में विज्ञान विषय में विद्यार्थियों के पढ़ाई और रोजगारोन्मुख अध्ययन को लेकर जिम्मेदार कितने गंभीर हैं, इसकी वास्तविक तस्वीर खुद सरकारी आंकड़े बयां कर रहे हैं। यहां अधिकांश सरकारी विद्यालयों में विज्ञान संकाय के उच्च माध्यमिक स्तर की शिक्षा की सुविधा ही नहीं है। पत्रिका पड़ताल में यह बात सामने आई है कि जैसलमेर के 7 ब्लॉक्स के तहत सम ब्लॉक में कुल 52 सीनियर माध्यमिक विद्यालय है, जिसमे केवल राघवा और सोनू दो ही ऐसे विद्यालय हैं, जहां विज्ञान संकाय है। जिले के सबसे पुराने ब्लॉक माने जाने वाले सम क्षेत्र में एक भी विद्यालय ऐसा नहीं है, जहां ऐच्छिक विषय गणित हो।
गौरतलब है कि सम क्षेत्र प्राकृतिक गैस के भंडार के रूप में जाना जाता है। रामगढ़ में गैस आधारित संयंत्र भी है। उधर, जैसलमेर नगरपरिषद क्षेत्र में मॉडल और महात्मा गांधी स्कूल सहित कुल चार विद्यालय ही ऐसे हैं जहां विज्ञान संकाय की सुविधा है। इसके अलावा जैसलमेर ब्लॉक में कुल 36 सीनियर माध्यमिक विद्यालय हैं, जिनमें से केवल 5 विद्यालयों में ही विज्ञान संकाय है। इस तरह जैसलमेर ब्लॉक में कुल 8 विद्यालय ऐसे हैं जहां विज्ञान संकाय संचालित हो रहे हैं। उधर, नाचना ब्लॉक में कुल 26 सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय है, जिनमें से अवाय और नोख में ही केवल दो विद्यालय ऐसे हैं, जहां विज्ञान संकाय का संचालन किया जा रहा है। इनमें जीव विज्ञान ऐच्छिक विषय है। गौरतलब यह भी है कि नाचना ब्लॉक में किसी भी विद्यालय में सीनियर स्तर पर गणित विषय को नहीं है।
यहां भी यही कहानी
- पोकरण क्षेत्र में कुल 46 सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय में से केवल 5 विद्यालय में विज्ञान संकाय है।
- यहां 5 में से तीन पोकरण नगरपालिका क्षेत्र, एक रामदेवरा और एक सांकड़ा के महात्मा गांधी विद्यालय में विज्ञान संकाय है।
- भणियाणा क्षेत्र में कुल 43 सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय है, जिनमें केवल एक विद्यालय भणियाणा में जीव विज्ञान संकाय है।
- भणियाणा क्षेत्र में ऐच्छिक विषय के रूप में गणित विषय नहीं है।
- फतेहगढ़ क्षेत्र में कुल 39 सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय में से केवल चार विद्यालयों में ही विज्ञान संकाय है।
- फतेहगढ़ क्षेत्र के किसी भी विद्यालय में गणित ऐच्छिक विषय नहीं है।
- मोहनगढ़ ब्लॉक में कुल 20 सीनियर माध्यमिक विद्यालय में से केवल एक मोहनगढ़ विद्यालय में ही विज्ञान संकाय है।
जिम्मेदार चुनौती स्वीकारे, प्रयास करें
विज्ञान को लेकर जैसलमेर की जिस तरह की उपेक्षा हुई है, उसके लिए संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को चुनौती के रुप में स्वीकार करना चाहिए और विज्ञान विषय के उत्थान के प्रयास करने की जरूरत है।
- प्रकाश विश्नोई, प्रदेश मंत्री राज शिक्षक एवं पंचायतीराज कर्मचारी संघ