script

JAISALMER NEWS रोडवेज कर्मियों की हड़ताल, बसों के पहिये थमे

locationजैसलमेरPublished: Jul 26, 2018 03:20:45 pm

राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों के पहिये बुधवार को थम गए। निगम के सभी कर्मचारी प्रदेशस्तरीय आंदोलन के तहत दो दिवसीय हड़ताल कर रहे हैं।

jaisalmer

jaisalmer

जैसलमेर. राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों के पहिये बुधवार को थम गए। निगम के सभी कर्मचारी प्रदेशस्तरीय आंदोलन के तहत दो दिवसीय हड़ताल कर रहे हैं। गुरुवार को भी रोडवेज की हड़ताल रहेगी। इससे यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा वहीं निजी बसों में भीड़ बढ़ गई। बुधवार को रोडवेज बसों के साथ अनुबंधित बसों के पहिये भी थमे ही रहे। रोडवेज के जैसलमेर डिपो के सभी कर्मचारी, चालक, कंडक्टर, मैकेनिक आदि हड़ताल में सम्मिलित हैं। जैसलमेर डिपो से 34 शेड्यूल के तहत संचालित लगभग 68 रोडवेज बसें नहीं चली।
धरना-प्रदर्शन किया
बुधवार सुबह जैसलमेर डिपो पर निगम के कार्मिकों ने कार्य का बहिष्कार किया तथा धरना-प्रदर्शन किया। कार्मिकों ने राज्य सरकार व रोडवेज प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। जानकारी के अनुसार रोडवेजकर्मी 13 सूत्री मांगों को लेकर दो दिवसीय हड़ताल पर हैं। उनकी प्रमुख मांगों में सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करना, 13 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिलाने और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनकी जमा राशि अदा करना आदि शामिल है।
हड़ताल को महासंघ का समर्थन
रोडवेज के श्रमिक संगठन के संयुक्त मोर्चा की ओर से आयोजित प्रदेशव्यापी जाम हड़ताल को अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ जैसलमेर के पदाधिकारियों ने समर्थन दिया। जिला महामंत्री भंवरलाल गर्ग ने बताया कि सरकार की ओर से रोडवेज कार्मिकों की आर्थिक मांगें स्वीकार नहीं किए जाने से उन्हें बहुत बड़ा नुकसान हो रहा है। लगभग 3500 श्रमिकों और अधिकारियों के सेवानिवृत्ति प्रकरण के लगभग 600 करोड बकाया है। महासंघ के उपाध्यक्ष जगमालसिंह भाटी ने बताया कि रोडवेज कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का परिलाभ नहीं दिया गया और न ही इनका फिक्शेशन किया गया। भाटी ने कहा कि जब तक रोडवेज कर्मचारियों की मांगें नहीं मानी जाती, तब तक उनके आंदोलन को महासंघ पूरा समर्थन देगा। बुधवार को हड़ताल में रोडवेज कर्मचारी जिलाध्यक्ष स्वरूप सिंह भाटी, उपाध्यक्ष जमाल खां, सचिव कन्हैयालाल, कार्यकारी अध्यक्ष रसूलाराम सहित जिले के लगभग सभी कर्मचारी उपस्थित थे। महासंघ की तरफ से ताराचन्द सेवक, सुखदेव सिंह भाटी, अध्यक्ष पटवार संघ चन्द्रवीर सिंह, अध्यक्ष् ा ग्राम विकास अधिकारी संघ बलवंत सिंह भी मौजूद रहे।

ट्रेंडिंग वीडियो