पोकरण. उत्तरी भारत में हो रही बर्फबारी व शीतलहर का सितम के चलते क्षेत्र में भी शीतलहर का दौर चल रहा है। रविवार व सोमवार को दो दिन तक हुई बूंदाबांदी के बाद मंगलवार को सुबह बढ़ी ठण्ड व आसमान में छाए कोहरे ने आम जनजीवन को बुरी तरह से झकझोर कर रख दिया। दिन भर लोग सर्दी से बचने का जतन करते नजर आए। मंगलवार को सुबह से ही तेज ठण्डी हवाएं चल रही थी तथा आसमान में कोहरा छाया हुआ था। कोहरा इतना घना था कि 10 फीट से दूर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। छाए घने कोहरे व बढी ठण्ड से आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ। विशेष रूप से सुबह के समय नन्हे विद्यार्थियों को स्कूल जाने में परेशानी हुई। सुबह 11 बजे तक भी कोहरे का असर देखने को मिला। दोपहर 12 बजे बाद सूर्य की किरणें निकलने पर लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन सर्द हवाओं का दौर देर शाम तक भी जारी रहा। तेज बर्फीली हवाओं के कारण आम जनजीवन खासा प्रभावित हुआ। दिन भर गर्म खाद्य, पेय पदार्थों व ऊनी वस्त्रों की दुकानों पर भीड़ देखने को मिल रही है। कड़ाके की सर्दी व शीतलहर के कारण क्षेत्र में मौसमी बीमारियों, सर्दी, जुकाम, बुखार आदि का प्रकोप भी बढ रहा है तथा अस्पतालों में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है।