दीपों की जगमगाहट से रोशन हुई सरहद, सजी रंगोली में भरे खुशियों के रंग
जैसलमेरPublished: Nov 04, 2021 07:24:40 am
-सीसुब के महानिरीक्षक भी हौसला अफजाई करने पहुंचे
-दीपोत्सव को लेकर उत्साहित जवान तो महिला सुरक्षा प्रहरियों ने सजाई रंगोली


दीपों की जगमगाहट से रोशन हुई सरहद, सजी रंगोली में भरे खुशियों के रंग
जैसलमेर. माहौल में देशभक्ति के गीत गुनगुनाते तो कभी दीपावली पर आधरित फिल्मी व भक्ति गीत की सुर में सुर मिलाते सीसुब के जवान दीपावली पर सीमा चौकियों को दीपों से सजाते हैं, वहीं धोरों पर आतिशबाजी व पटाखों की रोशनी माहौल में खुशियों के रंग भर देती है। पर्व की खुशियों को मनाते हुए जब सीसुब के जवानों का मन बेचैन हो उठता है तो दूसरा सुरक्षा प्रहरी हंसी-ठिठौली कर दीपावली की खुशियां मनाने में भागीदार बन जाता है, क्योंकि वह उसकी पीड़ा जानता है कि अपनो से दूरी वह भी पर्व के मौके पर क्या होती है? इस तरह सीमा पर एक अनूठा माहौल बन जाता है, देश की अनेकता में एकता की सी अनुभूति कराता है। उनके मन में दीपावली जैसे महापर्व के मौके पर अपनों से दूर होने की पीड़ा है, लेकिन राष्ट्र सुरक्षा का जज्बा तथा 'कर्तव्य सर्व प्रथमÓ का आदर्श उनके शरीर के रोम-रोम में रचा-बसा है। मौसम के करवट लेने के बाद गुलाबी सर्दी के बीच सीमा पर पहरा दे रहे इन प्रहरियों को दिवाली के दिन अपने परिवारजनों से दूरी व दूर रहने की वेदना सताती है और आंखें भी नम होती है, लेकिन अपने साथियों के बीच दीपोत्सव मनाते हुए उनके मन की पीड़ा एकबारगी छूमंतर हो जाती है और मन उल्लास से भर जाता है। सरहद पर झिलमिलाते दीयों की कतारें, उल्लास में डूबा तन-मन और अपनों का साथ-संग...यह नजारा किसी शहर या गांव में दिवाली पर्व मनाने का नहीं है बल्कि पाकिस्तान से सटी जैसलमेर जिले की सरहद पर देखने को मिला। महिला सुरक्षा प्रहरियों ने सरहद पर जहा रंगोलिया सजाई, वहीं सुरक्षा प्रहरियों के कारण ही समूचा पश्चिमांचल खुशियों की रोशनी से दमक उठा। कभी वे वे सरहद पर दीपमालाएं सजाते तो कभी सरहद पर ही आतिशबाजी कर एक दूसरे को बधाई देते। सीसुब के जवानों की इन खुशियों में उनके आला अधिकारी भी भागीदार बनने से खुद को नहीं रोक पाते।
सीसुब महानिरीक्षक ने बढ़ाया हौसला
सीमांत मुख्यालय राजस्थान के महानिरीक्षक पंकज घूमर ने जैसलमेर से लगती भारत पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पिलर संख्या 609 व सीमा चौकी बबलियान में जवानों के साथ दीपावली पर्व मनाया। उन्होंने विषम हालात में देश की सुरक्षा में जुटे जवानों की हौसला अफजाई की तथा प्रत्येक चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। महानिरीक्षक ने सीमा पर दीप प्रज्ज्वलित किए और जवानों का मुंह मीठा करवाया। इस दौरान महिला सुरक्षा प्रहरियों ने रंगोली सजाई। घूमर ने हौसला अफजाई की और दीपोत्सव की बधाई दी। इस मौके पर उप महानिरीक्षक क्षेत्रीय मुख्यालय उत्तर अरुण कुमार, 166 वीं वाहिनी के समादेष्टा कुलवंतराय शर्मा सहित अन्य अधिकारी व बल के जवान मौजूद थे।