जैसलमेरPublished: Jan 22, 2023 08:11:08 pm
Deepak Vyas
- गणतंत्र दिवस व मरु महोत्सव में बढ़ेगी परेशानी
पोकरण. कस्बे में बीते कई महिनों से मुख्य मार्गों व चौराहों पर बेसहारा व पालतु पशुओं का डेरा लगा हुआ है। जिसके कारण आमजन को परेशानी हो रही है। आगामी दिनों में गणतंत्र दिवस समारोह होगा। साथ ही मरु महोत्सव पर भी 1 दिन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें भाग लेने देश विदेश से पर्यटक आएंगे, लेकिन इन पशुओं के कारण पोकरण की छवि भी खराब हो रही है। गौरतलब है कि कस्बे के जयनारायण व्यास सर्किल, जोधपुर रोड, जैसलमेर रोड, स्टेशन रोड, फोर्ट रोड के साथ गांधी चौक में कई महिनों से आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा हुआ है। ये आवारा पशु आए दिन आपस में भिड़ते है और राहगीर चोटिल भी हो जाते है। जिसके कारण आमजन को परेशानी हो रही है। जबकि नगरपालिका की ओर से इन पशुओं को पकडऩे व गोशाला भिजवाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। हालांकि गत वर्ष मरु महोत्सव से पूर्व अभियान चलाकर इन पशुओं को गोशाला भिजवाया गया था, लेकिन पुन: समस्या बढ़ गई है। जिसको लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
गणतंत्र दिवस व मरु महोत्सव के बाद भी नहीं कोई सजग
कुछ दिन बाद ही गणतंत्र दिवस पर पोकरण में उपखंड स्तरीय समारोह होगा। जिसका आयोजन राउमावि मैदान में किया जाएगा। इस दौरान कस्बे के विभिन्न विद्यालयों से छोटे बच्चे तथा कस्बेवासी भाग लेने कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए यहां पहुंचेंगे। इन मार्गों पर पशुओं के जमावड़े के कारण उन्हें परेशानी से रूबरू होना पड़ेगा। इसी प्रकार 2 फरवरी को मरु महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसकी शोभायात्रा कस्बे के मुख्य मार्गों से निकलेगी तथा राउमावि मैदान पहुंचेगी। इस दौरान भी सैंकड़ों लोग यहां आएंगे। जिन्हें इन बेसहारा व पालतु पशुओं के कारण परेशानी होगी।
नहीं भेज रहे गोशाला
पोकरण कस्बे में मुख्य मार्गों पर बैठे पशुओं में बेसहारा के साथ कुछ पालतु गोवंश भी शामिल है। जिन्हें बाड़ों से निकाल दिया जाता है। ये पशु बीच सड़क पर आकर यातायात बाधित करते है। वाहनों के इन पशुओं से टकरा जाने से कभी किसी बड़े हादसे से भी इनकार नहीं किया जा सकता। बावजूद इसके नगरपालिका की ओर से अभियान चलाकर पशुओं को गोशालाओं में भिजवाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
अभियान चलाकर पकड़े जाएंगे पशु
पूर्व में अभियान चलाकर पशुओं को पकड़ा गया था। आगामी मरु महोत्सव को लेकर भी शीघ्र ही अभियान शुरू किया जाएगा। पशुओं को पकड़कर गोशाला भिजवाया जाएगा। साथ ही पालतु पशुओं के मालिकों को पशु खुले में नहीं छोडऩे के लिए अपील कर पाबंद किया जाएगा।
- रामस्वरूप गुचिया, कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी नगरपालिका, पोकरण