Video: सडक़ पर विरोध में भी ‘विरोध’, सार्वजनिक हुई गुटबाजी
-जिला कांग्रेस कमेटी व यूथ कांग्रेस ने अलग-अलग स्थानों पर किए प्रदर्शन
-केन्द्र में सत्तासीन भाजपा सरकार को कोसा, प्रधानमंत्री का पुतला फूंका
जैसलमेर
Updated: June 17, 2022 07:34:42 pm
जैसलमेर. जिला कांग्रेस की अंदरुनी कलह और गुटबाजी शुक्रवार को उस समय सार्वजनिक हो गई, जब कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी पर ईडी की कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी और यूथ कांग्रेस ने अलग-अलग विरोध प्रदर्शन किए। कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष उम्मेदसिंह तंवर के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट के सामने धरना व विरोध प्रदर्शन किया, वहीं यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अमरदीन फकीर के नेतृत्व में एयरफोर्स चौराहा के समीप विरोध प्रदर्शन किया गया। गौरतलब है कि जिला कांग्रेस में विधायक रूपाराम धनदे गुट और फकीर परिवार गुट के बीच अंदरूनी कलह किसी से छिपी नहीं हैं। इससे पूर्व सोशल मीडिया में भी दोनों प्रदर्शनों में अधिकाधिक भीड़ जुटाने के लिए कवायद हुई, वहीं कई कांग्रेसजनों ने असमंजस की स्थिति बताते हुए पीड़ा भी बयां की।
जिला कांग्रेस कमेटी का प्रदर्शन
जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से दिए गए धरने में जिला अध्यक्ष उम्मेदसिंह तंवर ने कहा कि देश की आजादी के लिए प्राणों का बलिदान देने वाले तथा बरसों बरस अंग्रेजी हुकुमत के खिलाफ जेलो में बिताने वाले कांग्रेस जन ईडी, सीबीआई से नहीं डरते और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी का षडय़ंत्र नहीं चलने देंगे। तंवर ने मोदी सरकार को देश में भूख, भय और भ्रष्टाचार कारक बताया और कहा कि जिस तरह दिल्ली में ईडी और दिल्ली पुलिस कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ दुव्र्यवहार कर रही है वह सहन नहीं किया जाएगा। धरने को संबोधित करते हुए राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजना मेघवाल ने ईडी की कार्यवाही को लोकतंत्र की हत्या बताया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संघर्ष के लिए तैयार रहने आ आव्हान किया । धरने को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुमार खान कंधारी, पंचायत समिति सम के सदस्य जानब खान, उम्मेद आचार्य, मालमसिंह रामगढ़, रुपचंद सोन, जितेन्द्र सिसोदिया, रुगदान झीबा, रजिया मेहर आदि ने संबोधित किया। धरने के बाद कलेक्टर कार्यालय के समक्ष नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया। धरने का संचालन उपेन्द्र आचार्य ने किया।
धरने में छोटू खान कंधारी, धर्मेन्द्र आचार्य, रतनाराम भील, सलीम छत्रेल, पार्षद निर्मल पुरोहित, कंचन बारसा, प्रकाश मेघवाल, चंदणाराम, गिरधारी सुथार, भरत के श्रीमाली, अकरम मेहर, शंकरसिंह करड़ा, चन्द्र प्रकाश पुरोहित आदि मौजूद थे। विरोध प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री का पुतला फूंका गया।
यूथ कांग्रेस की नारेबाजी, फूंका पुतला
जैसलमेर. जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को यूथ कांग्रेस ने जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की ओर से की जा रही कार्रवाई को लेकर सडक़ों पर उतरे यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एयर फोर्स चौराहे पर जमकर नारेबाजी की। पूर्व प्रधान अमरदीन फकीर ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की ओर से नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी का दुरुपयोग कर षड्यंत्रपूर्वक परेशान किया जा रहा है, जिसके विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विरोध दर्ज कराया। यूथ कांग्रेस ने एयरफोर्स चौराहे पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व सभापति अशोक तंवर ने भी ईडी कार्यवाही को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीराने खां, सेवादल अध्यक्ष खट्टन खां, पूर्व पार्षद गिरीश व्यास, ब्रजरतन छंगाणी, राजकुमार भाटिया सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान केन्द्र में सत्तासीन भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए उनकी नीतियों को जमकर कोसा और प्रधानमंत्री का पुतला भी फूंका।

Video: सडक़ पर विरोध में भी ‘विरोध’, सार्वजनिक हुई गुटबाजी
विरोध भाजपा का कर रहे थे, कोई गुटबाजी नहीं
राजस्थान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी व अग्रिम संगठनों को जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन के निर्देश थे। दोनों जगहों पर भाजपा का ही विरोध हुआ है। आपसी गुटबाजी जैसी कोई बात नहीं है।
-उम्मेदसिंह तंवर, जिलाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी, जैसलमेर
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
