Video: 'भ्रष्टाचार में डूबी राज्य सरकार, कांग्रेस का चरित्र ही खराब'
- जनाक्रोश रैली में फोड़ी मटकियां, जलाया पुतला, किया विरोध प्रदर्शन
जैसलमेर
Published: May 23, 2022 07:26:08 pm
पोकरण. भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महंत प्रतापपुरी महाराज ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार आमजन की समस्याओं के निस्तारण को लेकर कोई ध्यान नहीं दे रही है। आमजन का समस्याओं से बेहाल है, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। कस्बे में सोमवार को भाजपा की ओर से आयोजित जनाक्रोश रैली के दौरान पंचायत समिति सांकड़ा के आगे मैदान में सभा को संबोधित करते हुए महंत ने कहा कि प्रदेश में पानी, बिजली जैसी समस्याओं से लोग परेशान हो रहे है। प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है। कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है। दूसरी तरफ सरकार कुंभकर्णी नींद में सो रही है। इसी को लेकर प्रदेशभर में भाजपा की ओर से जनाक्रोश रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के विरुद्ध आवाज बुलंद करने और एकजुट होकर कुशासन को खत्म करने का आह्वान किया।
अपराध में राजस्थान नंबर एक पर
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक शैतानसिंह राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस का चरित्र ही खराब है। प्रदेश में गृहमंत्री का पद मुख्यमंत्री के पास है। जबकि अपराध में राजस्थान पूरे देश में नंबर एक पर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवारवाद की पार्टी है। कांग्रेस नेता अपने परिवार को आगे लाने का कार्य करते है। दूसरी तरफ भाजपा आम कार्यकर्ता की पार्टी है। देश आगे कैसे बढ़ें और राष्ट्र विश्वगुरु कैसे बनें, भाजपा की यही प्राथमिकता है। उन्होंने प्रदेश में जनसमस्याओं को लेकर राज्य सरकार को घेरते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
इन्होंने भी किया संबोधित
सभा के दौरान जिला प्रमुख प्रतापसिंह सोलंकी व भाजपा नेता जुगलकिशोर व्यास ने भी विचार रखते हुए प्रदेश की जनसमस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पानी, बिजली आमजन की जरुरत के मुद्दे है, लेकिन सरकार इन समस्याओं के निस्तारण में ही फैल हो रही है। राज्य सरकार हर मुद्दे पर विफल हो रही है। सभा का संचालन करते हुए भाजपा जिला मंत्री व जनाक्रोश रैली के प्रभारी मदनसिंह राजमथाई ने पोकरण क्षेत्र की जनसमस्याओं पर प्रकाश डाला। साथ ही रैली में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
ये रहे उपस्थित
जनाक्रोश रैली के दौरान स्वामीजी की ढाणी के महंत रावलपुरी महाराज, नगरपालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित, पंचायत समिति सांकड़ा के प्रधान भगवतसिंह तंवर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष नारायणसिंह तंवर, जिला मंत्री कंवराजसिंह चौहान, भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष खीमाराम सुथार, राव किशोरसिंह विरमदेवरा, प्रेम ओड, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष महेन्द्र भील सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मटकियां फोड़कर जलाया पुतला
भाजपा कार्यकर्ता जुलूस के रूप में सभास्थल से रवाना हुए। जुलूस स्टेशन रोड, जयनारायण व्यास सर्किल होते हुए उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचा। यहां कार्यालय के समक्ष मुख्यमंत्री का पुतला जलाकर कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। साथ ही मटकियां फोड़कर विरोध जताया।
उपखंड अधिकारी को दिया ज्ञापन
रैली के बाद भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी को सुपुर्द किया। उन्होंने बताया कि पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी व अकाल के हालात के बावजूद पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई है। जिससे आमजन परेशान है। नहरी क्षेत्र में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने से किसानों की फसलें खराब हो रही है। अघोषित बिजली कटौती व आंखमिचौनी के कारण भीषण गर्मी में बेहाल हो रहा है। प्रदेश में शिक्षा का स्तर गिर रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग हो रहा है। बेरोजगारों के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे है। प्रदेश में चिकित्सा व्यवस्था बिगड़ी हुई है। गोशालाओं का अनुदान लंबे समय से अटका हुआ है। कई गोशालाओं में फर्जी भुगतान उठाया जा रहा है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। इसी प्रकार उष्ट्र योजना, जमीन घोटालों, मनरेगा योजना, कृषि अनुदान, रबी फसल क्लेम आदि समस्याओं के निराकरण की मांग की।

Video: 'भ्रष्टाचार में डूबी राज्य सरकार, कांग्रेस का चरित्र ही खराब'
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
