Video: घोष की लय पर सधे हुए कदमों की ताल देखने ठिठका शहर
- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से पथ संचलन निकला
- कोरोना काल के बाद पहली बार हुआ आयोजन
जैसलमेर
Published: April 03, 2022 08:00:04 pm
जैसलमेर। कोरोना महामारी की दो साल लम्बी यंत्रणा के बाद जनजीवन के सभी पक्षों ने फिर से परवाज भरनी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तरफ से रविवार को नगर का पथ संचलन आयोजित किया गया। संघ के घोष वादकों ने ध्वनियों की लय प्रसारित की, उस पर पूर्ण गणवेश में संघ के स्वयंसेवकों ने पूर्णत: अनुशासन के साथ कदमताल करते हुए निर्धारित मार्ग से संचलन निकाला। जिसे देखने के लिए सडक़ के दोनों ओर मार्ग में और घरों की छतों पर महिला, पुरुष तथा बच्चे ठिठके रहे। पथ संचलन पर मार्ग में जगह-जगह लोगों ने वंदेमातरम्, भारतमाता की जय और जय श्रीराम जैसे उद्घोष करते हुए पुष्पवर्षा की। शहर के प्रमुख मार्गों व स्थलों को रंगोलियों से सजाया गया। ऊँ लिखी केसरिया पताकाओं की लडिय़ां भी लगाई गईं। गांधी कॉलोनी से शुरू हुआ पथ संचलन सुथार पाड़ा, गुलासतला, आसनी पथ, गोपा चौक, सदर बाजार, कचहरी मार्ग, गांधी चौक, हनुमान चौराहा से होता हुआ पूनम स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुआ। संचलन में संघ के स्वयंसेवकों के साथ भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता भी शामिल थे।
यहां हुआ जोरदार स्वागत
पथ संचलन का शहर के ह्दयस्थल गोपा चौक पर जोरदार ढंग से स्वागत किया गया। चौक में सडक़ के दोनों किनारों पर दर्जनों की तादाद में उपस्थित लोगों ने गुलाब के पुष्पों की पंखुडिय़ों की वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। उन्होंने देशभक्तिपूर्ण नारेबाजी करते हुए वातावरण को जोशीला बना दिया। जगह-जगह महिलाओं ने संचलन के आने से पहले आकर्षक रंगोलियों का निर्माण किया। पूरे चौक में भगवा पताकाएं लगाई गई। राजनीतिक दृष्टिकोण से भाजपा के साथ कांग्रेस के समर्थक माने जाने वाले लोगों ने भी पथ संचलन का दिल खोलकर स्वागत किया। इसी तरह से गांधी कॉलोनी मुख्य मार्ग, गुलासतला, सदर बाजार, गांधी चौक आदि में घरों के साथ दुकानदारों ने भी पुष्पवर्षा की। पथ संचलन के अवसर पर पुलिस की तरफ से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का बंदोबस्त किया गया।
हमारी काल गणना सर्वश्रेष्ठ
इससे पहले जैसलमेर नगर की विभिन्न बस्तियों के स्वयंसेवक सुबह 8.30 बजे गांधी कॉलोनी के केशव पार्क में सामूहिक रूप से वर्ष प्रतिपदा का उत्सव मनाने के लिए एकत्रित हुए। सामूहिक घोषवादन के साथ ध्वजारोपण के बाद आद्य सरसंघचालक प्रणाम किया गया। मंच पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यावरणविद् पार्थ जगाणी, विभाग संचालक अमतृलाल, जिला संघचालक त्रिलोकचंद खत्री, नगर संघचालक पुराराम तथा मुख्य वक्ता शान्ति प्रसाद आसीन थे। जगाणी ने प्रकृति के संरक्षण को भी राष्ट्रसेवा बताया।
मुख्य वक्ता शान्ति प्रसाद ने कहा कि हमारी काल गणना की पद्दति सर्वश्रेष्ठ है। वर्ष प्रतिपदा का दिवस बहुत शुभ है। इसी दिन संत झूलेलाल का जन्मदिन, भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक, आर्य समाज की स्थापना, गुरु अंगद देव का जन्म हुआ। उन्होंने कहा कि संघ के संस्थापक डॉ. हेडगेवार ने चिकित्सक की डिग्री प्राप्त करने के बाद भी अपना जीवन हिन्दू समाज को एक करने में लगा दिया। जिला प्रचार प्रमुख गिरिराज व्यास ने बताया कि कार्यक्रम में आगामी वर्ष में नए दायित्वों की घोषणा की गई। इसके पश्चात संचलन का आयोजन किया गया।

Video: घोष की लय पर सधे हुए कदमों की ताल देखने ठिठका शहर
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
