Video: शहर से सम और सरहद तक हर तरफ योग का जलवा
- सम के धोरों पर केंद्रीय मंत्री शेखावत ने जवानों के साथ किया योग
- सुहाने मौसम ने योगाभ्यास को और सुगम बनाया
जैसलमेर
Published: June 21, 2022 08:09:42 pm
जैसलमेर. आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की इस बार सीमांत जैसलमेर जिले में खूब धूम रही। जैसलमेर शहर से सम के मखमली धोरों से होते हुए योग-धारा ठेठ अंतरराष्ट्रीय सीमा तक पहुंची। देश के 75 चुनिंदा स्थलों में शामिल सम सेंड ड्यून्स पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत ने सीमा सुरक्षा बल के सैकड़ों जवानों और अधिकारियों के साथ आसन जमा कर योगाभ्यास किया। उनके साथ भाजपा के बड़े नेताओं से लेकर तमाम सक्रिय कार्यकर्ता भी योग करने सम के धोरों पर पहुंचे। इस दौरान आकाश में छाई काली घटाओं के बीच शीतल बयार चल रही थी। जिसने योगाभ्यास करने वालों के तन-मन को तरोताजा बनाए रखा। सम के धोरों पर दूर-दूर तक जवानों के समूहों को योगाभ्यास करते हुए देखना अपूर्व अनुभव साबित हुआ। इस बीच वहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मैसूर से दिया गया उद्बोधन सीधे प्रसारण के जरिए सभी ने देखा और सुना। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने इस बार मानवता के लिए योग थीम पर आधारित योग दिवस को देश की आजादी के 75वें वर्ष से जोड़ते हुए देशभर के 75 पर्यटन व सांस्कृतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण स्थानों पर केंद्रीय मंत्रियों को भेजा। राजस्थान में जैसलमेर में सम के अलावा कुंभलगढ़ किला और जयपुर के जंतर-मंतर पर यह आयोजन संपन्न हुआ।
रेत के समंदर पर योग का दरिया बहा
मंगलवार अलसुबह 6 से 8 बजे तक सीमा सुरक्षा बल के तत्वावधान में सेंड ड्यून्स पर योगाभ्यास के दौरान रेत के अलग-अलग टीलों पर बैठकर जवानों व अन्य लोगों ने प्रशिक्षकों के निर्देशानुसार योगासन किए। इस दौरान जहां तक नजर जा रही थी, सफेद वेशभूषा में चुस्त-दुरुस्त अंदाज में योगाभ्यास करते जवान दिखाई दिए। अग्रिम पंक्ति में केंद्रीय मंत्री शेखावत के साथ सीमा सुरक्षा बल के अधिकारी तथा जिला प्रमुख प्रतापसिंह सोलंकी, पूर्व विधायक डॉ. जितेंद्रसिंह, छोटूसिंह भाटी, सांगसिंह भाटी, भाजपा नेता स्वामी प्रतापपुरी, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा के अलावा सीमाजन कल्याण समिति के राजस्थान-गुजरात संगठन मंत्री नीम्बसिंह, प्रांतीय पदाधिकारी शरद व्यास, भूरसिंह बीदा व भाजपा के कई पदाधिकारी मौजूद थे। इस मौके पर सीसुब के क्षेत्रीय मुख्यालय दक्षिण के उपमहानिरीक्षक आनंदसिंह तक्षक, उत्तर क्षेत्र के उपमहानिरीक्षक असीम व्यास, उपमहानिरीक्षक नव आरक्षी प्रशिक्षु केंद्र केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल जोधपुर भूपेन्द्रसिंह और एयरफोर्स के स्कवाड्रन लीडर अर्षा कम्बुज भी उपस्थित रहे।
मोदी ने योग को वैश्विक पटल तक पहुंचाया
योगाभ्यास से पहले केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि योग भारतीय सभ्यता और संस्कृति की दुनिया को सबसे बड़ी देन है। कुछ साल पहले तक योग बहुत सीमित तौर पर किया जाता था। प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने भारत की इस विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाने का बीड़ा उठाया और वह इसमें सफल रहे। दुनिया के 137 देशों ने योग दिवस मनाने के प्रस्ताव पर सहमति की मोहर संयुक्त राष्ट्र में लगाई, यह भी एक कीर्तिमान है। प्रधानमंत्री की ही यह सोच है कि आजादी के अमृत महोत्सव में देश के चुनिंदा 75 पर्यटन व सांस्कृतिक स्थलों पर वृहद स्तर पर योग दिवस मनाया जाए। इसका व्यापक तौर पर सकारात्मक असर पड़ेगा। आज दुनिया के प्रत्येक हिस्से में सूर्योदय होने के समय के साथ-साथ सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने सीमा सुरक्षा बल की तरफ से आयोजन के लिए की गई तैयारियों की सराहना करते हुए बताया कि बल के साथ उनका दो दशक से भी अधिक पुराना संबंध है। सक्रिय राजनीति में आने से पहले सीमाजन कल्याण समिति में कार्य करते हुए उन्होंने बल की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा और समझा। बल के जवान देश की सीमाओं की रक्षा के लिए प्रथम पंक्ति के तौर पर तैनात हैं।

Video: शहर से सम और सरहद तक हर तरफ योग का जलवा
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
