scriptपांथेड़ी में निकला वर्षीदान वरघोड़ा, तिलोड़ा में जैन संतों का नगर प्रवेश आज | Deeksha Mahotsav in Panthedi Sayla Jalore | Patrika News

पांथेड़ी में निकला वर्षीदान वरघोड़ा, तिलोड़ा में जैन संतों का नगर प्रवेश आज

locationजालोरPublished: Mar 03, 2021 09:18:24 am

पांथेड़ी गांव में मंगलवार को मुमुक्षु पायल नरपतराज बंदामूथा के दीक्षा महोत्सव को लेकर जैनाचार्य नित्यसेनसूरीयश्वर व भाण्डवपुर के जयरत्नसूरीश्वर महाराज सहित साधु-साध्वियों के सान्निध्य में गाजे बाजे के साथ विभिन्न मार्गों से वर्षीदान वरघोड़ा निकाला गया।

पांथेड़ी में निकला वर्षीदान वरघोड़ा, तिलोड़ा में जैन संतों का नगर प्रवेश आज

पांथेड़ी में निकला वर्षीदान वरघोड़ा

सायला. निकटवर्ती पाथेड़ी गांव में मंगलवार को मुमुक्षु पायल नरपतराज बंदामूथा के दीक्षा महोत्सव को लेकर जैनाचार्य नित्यसेनसूरीयश्वर व भाण्डवपुर के जयरत्नसूरीश्वर महाराज सहित साधु-साध्वियों के सान्निध्य में गाजे बाजे के साथ विभिन्न मार्गों से वर्षीदान वरघोड़ा निकाला गया। वरघोड़ा सवेरे जैन मंदिर, महादेव मंदिर, चामुण्डा माता मंदिर होते हुए जैन मंदिर पहुंचकर विसर्जित हुआ। वरघोड़े में सजे-धजे हाथी, घोड़, ऊंट और रथ पर सवार दीक्षार्थी मुमुक्षु पायल ने मुक्त हाथों से सांसारिक वस्तुओं का दान किया। वरघोड़े के दौरान जहां महिलाएं मंगलगीत गा रही थीं, वहीं युवा बैण्ड की मधुर धुनों पर थिरक रहे थे। इस दौरान जिन भगवंतों व दीक्षार्थी के जयकारों से पूरा वातावरण अध्यात्म रंग से सराबोर नजर आया। महोत्सव आयोजक परिवार के सदस्यों समेत सैकड़ों श्रावक-श्राविकाएं जयकारों में तल्लीन नजर आए। वरघोड़े में जैन साधु-साध्वियों समेत जैन समाज के लोग और कस्बेवासी मौजूद थे। इस दौरान कच्छी घोड़ी नृत्यए, नगाड़ा, बैण्ड पार्टी, वाद्ययंत्र बजाते शाही वेशभूषा पहने कलाकार, सजे-धजे हाथी, घोड़े, ऊंट, बैलगाड़ी व जिनभगवंतों की सुंदर झांकियां लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। दीक्षा महोत्सव के तहत मुमुक्षु पायल बुधवार को जैन संतों व साध्वियों के सान्निध्य में वैराग्य का कठिन मार्ग अंगीकार करेगी।
तिलोड़ा में आज जैन संतों का नगर प्रवेश
इधर, निकटवर्ती तिलोड़ा के मुमुक्षु शिल्पा पुत्री राणमल मुणोत के दीक्षा महोत्सव की तैयारी जोरों पर चल रही है। महोत्सव को लेकर पूरे गांव को दुल्हन की तरह सजाया गया है। वहीं हर घर में खुशी का माहौल है। वहीं बुधवार सुबह 10 बजे जैनाचार्यों का नगर प्रवेश होगा। इस दौरान वरघोड़ा भी निकाला जाएगा। जिसमें सजे-धजे हाथी, ऊंट व रथ आकर्षण का केंद्र रहेंगे। वहीं कार्यक्रम को लेकर सजे पांडाल का सोमतराज मुणोत व बाबूलाल मुणोत ने जायजा लिया। इस मौके राणमल मुणोत, डायालाल मुणोत व रोशन मुणोत समेत कई लोग मौजूद रहे। मुमुक्षु शिल्पा मुणोत के दीक्षा महोत्सव को लेकर जैनाचार्यों व साधु-साध्वियों की निश्रा में बुधवार को दीक्षा मुहूर्त वरघोड़ा कस्बे के विभिन्न मार्गों से निकाला जाएगा।
महोत्सव के दूसरे दिन हुए कई आयोजन
उम्मेदाबाद. कस्बे में प्रव्रज्या प्रियोत्सव के पंच दिवसीय महोत्सव के तहत दूसरे दिन कई धार्मिक आयोजन हुए। मुमुक्षु रक्षाकुमारी व दिव्या कुमारी के दीक्षा महोत्सव के तहत आयोजक कांतिलाल भंवरलाल भंसाली व महिपालकुमार जेठमल कागरेचा परिवार की ओर से दूसरे दिन जैनाचार्य श्रीमद्विजय प्रशमेश प्रभसुरीश्वर, आनंदश्री, कुसुम प्रभाश्री, चंद्रकलाश्री, मुक्तिप्रियाश्री, जय प्रज्ञाश्री समेत साधु-साध्वियों के सान्निध्य में विविध धार्मिक आयोजन किए गए। दीक्षा महोत्सव के उद्घोषक कवि सुखदेवसिंह राजपुरोहित आऊवा ने बताया कि सवेरे 9 बजे अभिषेक, दोपहर 3 बजे हल्दीर, शाम 7 बजे दीक्षार्थियों की बांदोली व रात 8 बजे भक्ति संध्या का आयोजन हुआ। भक्ति संध्या में गायक कलाकारों ने एक से बढकऱ एक गीतों की प्रस्तुति दी। इस मौके कस्बे सहित आस पास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
वर्षगांठ को लेकर कार्यक्रम आयोजित
सियाणा. रायपुरिया स्थित सुमतिनाथ जैन मंदिर की 15वीं वर्षगांठ को लेकर तीन दिवसीय भक्ति महोत्सव कार्यक्रम को लेकर जैनाचार्य दीक्षा दानेश्वर, गुणरत्न सुरीश्वर महाराज के शिष्य पंचाच प्रवर वैराग्यरत्न व मुनि मण्डल सहित संतों का मंगलवा को गाजों बाजों के साथ नगर प्रवेश हुआ। इस दौरान जैन संत स्वागत सत्कार के बाद गांव के मुख्य बस स्टैंड से होते ठाकुरजी मंदिर के पास स्थित सुमतिनाथ जैन मंदिर पहुंचे। जहां महेन्द्र चुन्नीलाल परिवार की ओर से जैन संतों का कलश व सामैया कर समाज के महिला-पुरूषों की मौजूदगी में स्वागत किया गया। चेतन जैन ने बताया जैनाचार्यों ने प्रवचन में बताया कि भक्ति आत्मा को मुक्ति दिलाती है। ऐसे में भक्ति व दान पुण्य करना जरूरी है। इस मौके जैन समाज के कई लोग मौजूद रहे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो