जालोर

आसमान से बरसी आग से घरों में कैद रहे लोग, तपता रहा जालोर

www.patrika.com/rajasthan.news

जालोरApr 05, 2019 / 01:35 pm

Jitesh kumar Rawal

आसमान से बरसी आग से घरों में कैद रहे लोग, तपता रहा जालोर

जालोर. सूरज इन दिनों रौद्र रूप दिखा रहा है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो रहा है। आसमान से दिनभर आग बरसती रही। दोपहर को लोग बाहर निकलने से ही परहेज कर रहे हैं।लोग एक तरह से घरों में कैद रहे। जिले में पिछले कुछ दिनों से तापमापी का पारा लगातार चढ़ रहा है।तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोग भीषण गर्मी से त्रस्त दिखे।किसी काम से बाहर आए लोग छांव तलाशते रहे। गुरुवार को अधिकतम तापमान 44 व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में सुबह से ही सूर्यदेव के तेवर तीखे नजर आए। कड़ी धूपव भीषण गर्मी में बाजार व सड़क पर सन्नाटा पसरा रहा। जरूरी कामों के लिए भी जो लोग घरों से बाहर निकले, उन्होंने अपने चेहरे को स्कॉर्फ से ढक कर रखा। सुबह दस बजे बाद ही लोग घरों में कैद रहने को विवश हैं। जरूरी काम से बाहर निकलने परगर्म हवा के थपेड़े झेलते रहे।
पहाड़ी से सटे इलाकों में उड़ी नींद
भीषण गर्मी के कारण पहाड़ी से सटे इलाकों में रहने वाले लोग काफी समस्या झेल रहे हैं। सूर्योदय के साथ ही पहाडिय़ां तपने लगती है।इन इलाकों में दोपहर से देर शाम तक का समय काटना भारी पड़ता है।शहर में ही भीनमाल बायपास, किले की घाटी, सदर बाजार, लाल पोल, ताशखाना बावड़ी आदि इलाकों में लोग गर्मी के मारे रात को भी सो नहीं पाते।
रात का भी तपन झेल रहे
पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। गत कुछ समय तक ३८ डिग्री पर झूल रहा अधिकतम तापमान ४४ डिग्री तक पहुंच चुका है।
अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक साथ वृद्धि हो रही है। इससे लोग दिन में तो तपन झेल ही रहे हंै रात को भी मुश्किल बढ़ रही है। लगातार तापमान बढऩे से अप्रेल माह में ही रातें गर्म होने लगी है।
सूर्यदेव ने दिखाया रौद्र रूप
उम्मेदाबाद. कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में दिनों-दिन गर्मी के तेवर तेज हो रहे है। सूर्योदय के साथ ही सूर्य देव अंगारे बरसाना शुरू करते हैं। दोपहर में लोग बेहाल रहे। मुख्य बाजार एवं सड़कें सुनसान रहे।दोपहर में लू के चलते लोग पोशान रहे। चिकित्सा प्रभारी डॉ.एनके व्यास ने भीषण गर्मी में दोपहर में जरूरी कार्य होने पर ही बाहर निकलने की हिदायत दी है। तेज धूप में सिर व बदन को ढककर चलने एवं शीतल पेय पीकर बाहर निकलना चाहिए।
कूलर की बिक्री बढ़ी
मोदरा. इन दिनों क्षेत्र में तेज धूप से लोग परेशान है। दोपहर में धूप की चुभन से लोग घरों में ही रहे।गर्मी बढऩे के साथ ही छाछ, आइसक्रीम सहित शीतल पेय पदार्थों की बिक्री बढ़ गई है।दोपहर में सड़क सुनसान हो जाती है।गर्मी बढऩे के साथ ही पंखों व कूलरों की बिक्री बढ़ रही है। गर्मी से बचने के लिए मवेशी भी छाया की तलाश करते दिखाई दे रहे हंै। कई जगह तेज गर्मी से बचाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्र में इन दिनों गन्ने के ज्यूस की लारियों पर भी ज्यूस पीने के लिए लोगों की भीड़ नजर आती है।

Home / Jalore / आसमान से बरसी आग से घरों में कैद रहे लोग, तपता रहा जालोर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.