script

जालोर-भीनमाल नगर निकाय चुनावों में किस वार्ड में किस वर्ग का होगा उम्मीदवार…जानिए इस दिन होगा तय

locationजालोरPublished: Sep 08, 2019 11:04:54 am

www.patrika.com/rajasthan-news

जालोर नगर परिषद

जालोर नगर परिषद

जालोर. जिले की जालोर और भीनमाल नगर निकायों के चुनाव नवम्बर माह में होंगे। इसको लेकर दोनों निकायों में कुल वार्डों में वर्गवार आरक्षण और महिला आरक्षण की पक्रिया लॉटरी के माध्यम से 18 सितम्बर को पूरी की जाएगी। स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक एवं संयुक्त सचिव उज्ज्वल राठौड़ ने अधिसूचना जारी कर दोनों नगर निकायों में निर्धारित वार्डों की संख्या के आधार पर अधिनियम के उपबंधों के अनुसार लॉटरी से आरक्षण करने के लिए कलक्टर को अधिकृत किया है। गौरतलब है कि इससे पूर्व जनगणना वर्ष 2011 के आधार पर कुल वार्डों की संख्या का निर्धारण, उनमें एससी, एसटी, ओबीसी व अनारक्षित वर्ग के लिए वार्डों की संख्या का निर्धारण और प्रत्येक वर्ग में 1/3 महिला वर्ग का आरक्षण तय किया गया था। वहीं अब एससी, एसटी के वार्डों का निर्धारण अधिकतम जनसंख्या के आधार पर होगा। वहीं सभी वर्गों में महिला व ओबीसी का आरक्षण लॉटरी से किया जाएगा।
तैयारी में जुटे नेता
इधर, आगामी चुनावों को लेकर सरकार की ओर से वार्डों का आरक्षण तय करने के साथ ही स्थानीय नेता भी चुनावों की तैयारियों में जुट गए हैं। जालोर के 40 वार्डों में से सामान्य वर्ग के लिए 21, जबकि भीनमाल में 22 वार्ड हैं। दोनों ही नगर निकायों में सात-सात वार्ड सामान्य वर्ग महिला के लिए आरक्षित हुए हैं। इसके अलावा जालोर में एससी की 8, एसटी की 3, सामान्य की 21 व ओबीसी के लिए 8 वार्ड आरक्षित किए गए हैं। वहीं भीनमाल में एससी की 7, एसटी के लिए 3, सामान्य के 22 व ओबीसी के 8 वार्ड आरक्षित हैं।
महिलाओं के इतने वार्ड
आगामी नगर निकाय चुनाव में सरकार की ओर से महिलाओं के लिए 33 फीसदी हक निर्धारित किया गया है। जबकि पिछले चुनावों में सरकार ने महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया था। जालोर नगरपरिषद में 40 में से 14 वार्ड, भीनमाल में 40 वार्ड में 13 व सांचौर में 35 में से 11 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हंै।

ट्रेंडिंग वीडियो