scriptजिला मुख्याल पर 30 फीट तो, सांचौर में 65 फीट ऊंचा होगा रावण का पुतला | Vijyadashmi in Jalore district | Patrika News

जिला मुख्याल पर 30 फीट तो, सांचौर में 65 फीट ऊंचा होगा रावण का पुतला

locationजालोरPublished: Oct 18, 2018 10:33:42 am

एक घंटे तक होगी मेला स्थल पर आतिशबाजी

Vijyadashmi

जिला मुख्याल पर 30 फीट तो, सांचौर में 65 फीट ऊंचा होगा रावण का पुतला

जालोर. शहर समेत जिले भर में शुक्रवार को विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय पर स्टेडियम मैदान में नगरपरिषद की ओर से दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा। आयुक्त शिकेश कांकरिया ने बताया कि मेले को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस दौरान शाम करीब साढ़े पांच बजे कलक्टर, एडीएम, सीईओ, एसडीएम, सभापति व पार्षदों की मौजूदगी में रावण दहन किया जाएगा। रावण दहन से पहले नगरपरिषद की ओर से शहर में शोभायात्रा निकालने के अलावा मेला स्थल पर करीब एक घंटे तक आतिशबाजी भी की जाएगी। जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम मैदान में रावण दहन को लेकर रावण और मेघनाद के पुतले करीब-करीब तैयार हो चुके हैं। गुरुवार शाम तक ये पुतले पूरे तैयार हो जाएंगे। बाद में इन्हें स्टेडियम मैदान में खड़ा किया जाएगा।
निकलेगी राम-लक्षमण की झांकी
नगरपरिषद की ओर से इस बार दशहरा पर्व को लेकर राम-लक्ष्मण की झांकियों के लिए भी टेंडर किए गए हैं। इसके तहत बैंड और नासिक ढोल के साथ दशहरा मेला स्थल तक ये झांकियां पहंचेंगी। जहां निर्धारित समय पर विधिवत रूप से रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
ऐसे होंगे पुतले
स्टेडियम मैदान में तैयार किए जा रहे रावण व मेघनाद के पुतले बांस की खप्चियों से करीब 25 फीट ऊंचे बनाए जाएंगे। वहीं रावण के पुतले में छतरी, कलंगी, दस मुंह, हाथ-पांव, धनुष, तीर, तरकश और तलवार भी होगी। ये पुतले करीब 10 से 15 फीट मोटे बनेगे। इसी तरह मेघनाद का पुतला भी तैयार किया जाएगा। इसके अलावा इन दोनों पुतलों में आवाज वाले बड़ी साइज के पटाखे भी लगाए जाएंगे जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

सांचौर में 65 फीट का होगा रावण
सांचौर. बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी का पर्व शहर में शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
इसको लेकर रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले करीब-करीब बनकर तैयार हो चुके हैं। रावण दहन समिति व नगर पालिका मण्डल के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार शाम को रावण दहन होगा। जिसमें कलाकारों की ओर से गरबा रास, हंसता हुआ रावण, चमकती तलवारें व घूमता चक्र समेत कई आयोजन होंगे। वहीं 5 फीट का चक्र व बारूद से पेड़ बनाने सरीखी आतिशबाजी होगी। रावण दहन समिति अध्यक्ष छगनलाल सोनी ने बताया कि दशहरा महोत्सव की तैयारियां जोरों पर चल रही है।
उन्होंने रावण चौक हवाई पट्टी पर विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। रावण दहन के दौरान नगर में शेभायात्रा, गरबा रास व घुड़सवारों के करतब होंगे। वहीं इस बार 6 5 फीट से अधिक का रावण, जबकि 45 फीट के मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले बनाए जा रहे हैं। इस दौरान हाथियों की झांकी से रावण परिवार का स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दशहरे को लेकर कमेटियों का गठन किया गया है। जिन्हें विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई। नगरपालिका की ओर से आयोज्य रावण दहन को लेकर इस बार ३ लाख १० हजार रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। रावण दहन समिति के तत्वावधान में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ऐसे में समिति इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में जुटी है।

30 फीट रावण के पुतले का होगा दहन
भीनमाल. बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक पर्व विजयदशमी शुक्रवार को मनाया जाएगा। रावण दहन को लेकर पालिका प्रशासन ने तैयारियां पूर्ण कर ली है। पालिका की ओर सेे शहर के गायत्री मंदिर रोड केदार तालाब पर रावण का दहन किया जाएगा। पालिका प्रशासन की ओर से शाम 6 .30 बजे रावण का दहन होगा। ईओ अरुण कुमार ने बताया कि पालिका की ओर से 30 फीट रावण का पुतला बनाया गया है। इस पर पूतले पर 58 हजार व अतिशबाजी पर 6 5 हजार रुपए व्यय किए गए है। रिमोंट का बटन दबाकर रावण के पुतले का दहन होगा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो