scriptपुंछ:खाई में गिरी बस, 15 लोगों की मौत, 17 घायल | 15 died in poonch bus accident | Patrika News

पुंछ:खाई में गिरी बस, 15 लोगों की मौत, 17 घायल

locationजम्मूPublished: Dec 08, 2018 08:19:37 pm

Submitted by:

Prateek

हादसे के कारणों की जांच की जा रही है…

accident

accident

(जम्मू): जम्‍मू संभाग के पुंछ जिले में शनिवार सुबह एक निजी बस गहरी खाई में गिर गई। हादसे में बस में सवार 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल नौ लोगों को सड़क और हवाई मार्ग के जरिए जम्मू मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।


11 लोगों ने मौके पर ही तोड़ा दम

शनिवार सुबह करीब आठ बजे 32 सवारियों को लेकर लोरन से मंडी जा रही यात्री बस (जेके 02डब्ल्यू 0445) मंडी कस्बे से तीन किलोमीटर पहले करीब 500 मीटर नीचे पुलस्त नदी में जा गिरी। पत्थरों पर लुढ़कते हुए सड़क से इतने नीचे गिरी बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 11 लोगों की तो मौके पर ही मौत हो गई। तीन लोगों की मंडी उपजिला अस्पताल लाते समय और बस चालक की पुंछ के राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में मौत हो जाने से कुल 15 लोगों की जान इस हादसे में जाने की खबर है। जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां सड़क का मरम्मत कार्य चल रहा था। उसी के आगे मोड़ भी था। बस चालक मोड़ पर वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा।

 

इन लोगों ने गंवाई जान

हादसा इतना खतरनाक था कि बस में कुछ भी सही नहीं बचा। कई लोग बस गिरने के बाद बाहर खून से लथपथ पड़े हुए थे। मरने वालो मे चौकीदार वली मोहम्मद पुत्र कादिर शेख निवासी लोरन, गुलाम हसन पुत्र नूर मोहम्मद निवासी लोरन, एजाज अहमद पुत्र मोहम्मद रमजान निवासी लोरन, बशीर अहमद निवासी लोरन, प्रवीण अख्तर पत्नी मोहम्मद रशीद निवासी लोरन और उनकी आठ महीने की बच्ची भी मृतकों में शामिल है। वहीं कई मृतकों की अभी तक पहचान हो चुकी है।

 

मृतकों के परिवार को पांच-पांच लाख

जिला विकास आयुक्त राहुल य़ादव ने बताया कि हादसे के बाद राज्यपाल ने मृतकों के परिवारों के लिए पांच-पांच लाख और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपय की राहत राशि देने की घोषणा की है। जिला प्रशासन ने घायलों को पांच-पांच हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। जिला विकास आयुक्त कहना था कि संभवत: बस की बहुत तेज रफ्तार होने के कारण सामने से आ रहे वाहन को पास करते समय बस चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई थी, जिसकी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


राज्यपाल ने दुर्घटना पर गहरा शोक जताया

राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो