scriptझारखंड: इन चार लोकसभा सीटों पर मतदान कल, 36,464 मतदानकर्मी प्रतिनियुक्त | Polling for Giridih Dhanbad Jamshedpur Singhbhum seat on May 12 | Patrika News

झारखंड: इन चार लोकसभा सीटों पर मतदान कल, 36,464 मतदानकर्मी प्रतिनियुक्त

locationजमशेदपुरPublished: May 11, 2019 03:02:38 pm

Submitted by:

Prateek

तीसरे चरण के चुनाव के लिए 40 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी की तैनाती
 

khayangte

khayangte

(रांची,जमशेदपुर): झारखंड में तीसरे चरण (भारत निर्वाचन आयोग का छठा चरण) में गिरिडीह, धनबाद, जमशेदपुर औऱ 1 सिंहभूम (एसटी) लोकसभा सीट के लिए 12 मई को मतदान होगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इन चार सीटों में मतदान प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए 36,464 मतदानकर्मी प्रतिनियुक्त किए गए हैं।


इसमें गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र में 9724, धनबाद में 11172, जमशेदपुर में 8811 और सिंहभूम में 6957 मतदानकर्मी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। उन्होंने बताया चुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा 4 सामान्य ऑब्जर्वर, 8 व्यय ऑब्जर्वर औऱ 4 पुलिस ऑब्जर्वर प्रतिनियुक्त किए गए हैं। 8300 कंट्रोल यूनिट, 12724 बैलेट यूनिट और 8300 वीवीपैट का इस्तेमाल तीसरे चरण में गिरिडीह, धनबाद, जमशेदपुर और सिंहभूम सीटों पर होने वाले मतदान में किया जाएगा। इसके अलावा 1673 कंट्रोल यूनिट, 2558 बैलेट यूनिट और 2502 वीवीपैट रिजर्व में रखे गए हैं, ताकि किसी मतदान केंद्र में जरूरत पड़ने पर उसे उपलब्ध कराया जा सके।


886 मतदान केंद्रों की होगी वेबकास्टिंग

एल खियांग्ते ने बताया कि झारखंड में तीसरे चरण में चार सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर 886 मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग की जाएगी। इसके लिए गिरिडीह के 208, धनबाद के 271, जमशेदपुर के 233 और सिंहभूम के 174 मतदान केंद्रों का चयन वेबकास्टिंग के लिए किया गया है। इन मतदान केंद्रों से होने वाली वेबकास्टिंग की मॉनिटरिंग मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, झारखंड रांची एवं जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय में बनाए गए वेबकास्टिंग नियंत्रण कक्ष से होगी।


85 मतदान केंद्र महिलाओं द्वारा संचालित होंगे, 390 आदर्श मतदान केंद्र

खियांग्ते ने संवाददाताओं को बताया कि तीसरे चरण के चुनाव में महिलाओं द्वारा संचालित होनेवाले कुल मतदान केंद्रों की संख्या 85 है। इसके तहत गिरिडीह में 25, धनबाद में 18, जमशेदपुर में 25 औऱ सिंहभूम में 17 मतदान केंद्र महिलाओं द्वारा संचालित होंगे। इन मतदान केंद्रों की व्यवस्था पूरी तरह महिला कर्मियों के हाथों में होगी। मतदान कर्मी के साथ अधिकारी और सुरक्षाकर्मी भी महिलाएं होंगी। इन महिला मतदान केंद्रों में मतदान के दिन महिला मतदाताओं को भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा चारों ही लोकसभा सीटों के लिए 390 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें गिरिडीह में 105, धनबाद में 120, जमशेदपुर में 129 औऱ सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र में 36 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं।


राज्य के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने बताया कि गिरिडीह, धनबाद, जमशेदपुर औऱ सिंहभूम (एसटी) लोकसभा सीट के लिए 12 मई को वोट डाले जाएंगे। मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है। इन चार सीटों के लिए लगभग 40 हजार सुरक्षकर्मियों को तैनात किया गया है। साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर सशस्त्र पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि मतदाता भयमुक्त होकर मतदान कर सकें। इसके अलावा अति संवेदनशील और संवेदनशील मतदान केंद्रों में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवानों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि झारखंड में तीसरे चरण में होने वाले मतदान को लेकर 175 कंपनी केंद्रीय अर्धसैनिक बल, 52 कंपनी राज्य पुलिस, 20375 के लगभग जिला पुलिस, औऱ 5972 के लगभग पुलिस अफसरों को तैनात किया गया है।

 

इमरजेंसी के लिए एय़र एंबुलेंस, 3 हेलीकॉप्टर से निगरानी

चौबे ने बताया कि 12 मई को चार सीटों में होने वाले मतदान को लेकर कई मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील और संवेदनशील घोषित किया गया है। इन मतदान केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, लेकिन इमरजेंसी के लिए एक एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। यह एंबुलेंस मतदान के एक दिन पूर्व से लेकर मतदान के एक दिन बाद तक आपातकालीन सेवा के लिए उपलब्ध होगी। अगर किसी इलाके में किसी तरह की कोई घटना होती है तो तत्काल राहत पहुंचाने के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सके। इसके साथ संवेदनशील मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए 3 हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया जाएगा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो