इस मौके पर मुख्यमंत्री ने झारखण्ड वासियों को महानवमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां सिद्धिदात्री के आशीर्वाद से सभी संकल्प सिद्ध हों, सभी मनोकामनाएं पूर्ण हों। उन्होंने कहा कि मां दुर्गाजी की नौवीं शक्ति का नाम सिद्धिदात्री हैं। माँ के आशीर्वाद से भक्त के लिए सृष्टि में कुछ भी अगम्य नहीं रह जाता है। अपने भक्तों को अणिमा, महिमा, गरिमा, लघिमा, प्राप्ति, प्राकाम्य, आदि अनेक शक्ति मां सिद्धिदात्री जगत कल्याण के लिए प्रदान करती हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि नारी शक्ति के बिना हम अधूरे है, नारी शक्ति के बल पर ही राज्य और देश आगे बढ़ सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज समाज में भ्रूण हत्या या समाज में जो विकृति आई है, निश्चित रूप से वह सभ्य समाज के लिए कलंक है। उन्होंने कहा कि माताओं, बहनों और बेटियों का यह सम्मान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियां पढ़े और आगे बढ़े, बाल विवाह पर अंकुश लगे, इसके लिए सरकार ने सुकन्या योजना शुरू की है।