scriptमाधव राव सप्रे वार्ड की कई कालोनियां मूलभूत सुविधाओं से वंचित | Many colonies of Madhav Rao Sapre ward deprived of basic facilities | Patrika News

माधव राव सप्रे वार्ड की कई कालोनियां मूलभूत सुविधाओं से वंचित

locationजांजगीर चंपाPublished: Dec 05, 2019 07:52:26 pm

Submitted by:

sandeep upadhyay

निगम हर घर से टैक्स ले रहा पूरा, लेकिन सड़क, बिजली, पानी की सुविधा का ध्यान नहीं

माधव राव सप्रे वार्ड की कई कालोनियां मूलभूत सुविधाओं से वंचित

माधव राव सप्रे वार्ड की कई कालोनियां मूलभूत सुविधाओं से वंचित

रायपुर. माधवराव सप्रे वार्ड क्रमांक 68 परिसीमन के बाद से वार्ड 69 के नाम से जाना जा रहा है। यह वार्ड निगम की अनदेखी का शिकार कहा जा सकता है। निगम प्रशासन ने पहले यहां अवैध कालोनियां बसने दी गई उसके बाद वहां बने मकानों से टैक्स भी लेने लगा। इसके बाद जब लोगों को सुविधा देने की बात आई तो अधिकारी उन कालोनियों को अवैध बताकर अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं। हद तो यह है कि वार्ड पार्षद भी इन कालोनियों की तरफ ध्यान नहीं दे रहा है।
वार्ड 69 के अंतर्गत आने वाली अग्रोहा सोसायटी और कुशल गृह निर्माण मंडल सोसायटी इसका जीता जागता उदाहरण है। इन कालोनियों को बसे 10 साल से अधिक समय गुजर गया है, लेकिन अब तक यहां न तो सड़क की सुविधा मिली है और न नाली, पानी और बिजली की। यहां रह रहे लोग सभी टैक्स पटाने के बाद भी अपने खर्च से सुविधाओं का उपभोग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि उनके घरों में टंप्रेरी बिजली कनेक्शन है। परमानेंट के लिए मोटी रकम जमा करने की बात कही जाती है। इसके साथ ही सड़क और नाली के लिए निगम के अधिकारियों और पार्षद से कई बार मांग कर चुके, लेकिन अब तक कोई सुविधा नहीं मिली है। लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी खुले मैदान और गलियों में बह रहा है। कचरा साफ करने पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कच्ची सड़कों के किनारे गंदगी का ढेर लगा रहता है। पार्षद ने कुछ गलियों में सड़क बनवाई भी तो वहां नाली नहीं बनी है।
माधवराव सप्रे वार्ड के प्रमुख क्षेत्र

इस वार्ड के अंतर्गत विकास विहार, सत्यम विहार, शिवम विहार, साईं मंदिर क्षेत्र, अग्रोहा सोसायटी, ठेठवार पारा, सतनामी पारा, यादव पारा, कुम्हार पारा, गायत्री पारा, निषाद पारा, ढीमर पारा, देवनगरी और आरडीए कालोनी आदि क्षेत्र आते हैं।
वर्जन

यहां हम कई सालों से रहते आ रहा हैं। निगम को टैक्स भी समय पर दे रहे हैं। यदि हमारी कालोनी अवैध है तो टैक्स क्यों लिया जा रहा है। और यदि टैक्स लिया जा रहा है तो निगम प्रबंधन को हमें मूलभूत सुविधाएं देनी चाहिए।
– आरएस वर्मा, कुशल गृह निर्माण मंडल

वर्जन-

कालोनी के सभी प्लाट्स का नक्शा, डायवर्सन, और लेआउट पास है। इसके बाद भी हमारी कालोनी को अवैध कहा जा रहा है। यदि ऐसा है तो सोसायटी संचालक पर कार्रवाई की होनी चाहिए न कि कालोनी वासियों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित किया जाना चाहिए।
– मयंक श्रीवास, कुशल गृह निर्माण मंडल

वर्जन

हम लोग अस्थायी बिजली कनेक्शन लेकर रखे हैं। मेरे यहां मात्र एलईडी बल्ब जलता है। पंखा भी नहीं जलता। इसके बाद भी हजारों रुपए बिजली बिल पटा रहा हूं। स्थाई कनेक्शन के लिए 80-90 हजार रुपए जमा करने के लिए कहा जा रहा है।
– कपिल गुप्ता, कुशल गृह निर्माण मंडल

वर्जन-

कुशल गृह निर्माण मंडल और अग्रोहाधाम सोसायटी दोनों ही अवैध कालोनी में आते हैं। बिल्डर ने लोगों को धोखा देकर प्लॉट बेंचा और वेलफेयर की जगह तक नहीं छोड़ी। इससे वहां विकास कार्य कराने में परेशानी हो रही है। मैंने कुछ जगहों पर काम कराया है। आगे उसे कराने का प्रयास किया जाएगा।
-दीनबंधु सिंह ठाकुर, पार्षद, माधवराव सप्रे वार्ड

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो