घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के मुताबिक दोकड़ा चौकी में तैनात एएसआई मनोहर केरकेट्टा रविवार की रात तकरीबन साढे 7 बजे अपनी डयूटी खत्म करके चौकी से अपने घर पकरीटोली जा रहे थे। इसी दौरान बगिया के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक बोलेरो ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। बोलेरो की ठोकर से एएसआई सडक़ पर गिर गए। हादसे के बाद आसपास भीड़ जमा हो गई। घायल एएसआई को तत्काल इलाज के लिए कुनकुरी के हॉली क्रॉस अस्पताल ले जाया गया। यहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने एएसआई को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया।
सामने आई एंबुलेंस की लचर व्यवस्था : घायल एएसआई को चिकित्सकों द्वारा बाहर रेफर कर दिए जाने के बाद शुरू हुई कुनकुरी से अंबिकापुर पहुंचाने के लिए एंबुलेंस के जुगाड़ के लिए जद्दोजहद। घायल को अंबिकापुर पहुंचाने के लिए संजीवनी एंबुलेंस की मदद ली गईं बताया जा रहा है एंबुलेंस अस्पताल तक पहुंची भी, लेकिन जैसे ही चालक को पता चला कि मरीज को लेकर अंबिकापुर जाना है तो वाहन का टायर ठीक ना होने की बात कहते हुए, वह उल्टे पांव लौट गया। काफी मशक्कत के बाद कांसाबेल से एंबुलेंस बुला कर एएसआई केरकेट्टा को अंबिकापुर भेजा जा सका। घटना की सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।