scriptमल्हनी उपचुनाव में भाजपा उतारेगी अपना प्रत्याशी, अब क्या करेंगे धनंजय सिंह | BJP Will Faight By Election on Malhani Constituency of Jaunpur | Patrika News

मल्हनी उपचुनाव में भाजपा उतारेगी अपना प्रत्याशी, अब क्या करेंगे धनंजय सिंह

locationजौनपुरPublished: Sep 15, 2020 08:58:38 pm

माना जा रहा था कि भााजपा उपचुनाव में मल्हनी सीट गठबंधन के तहत निषाद पार्टी को दे सकती है। ऐसा होने पर धनंजय सिंह की उम्मीदवारी तय मानी जा रही थी। 2017 विधानसभा चुनाव में धनंजय सिंह निषाद पार्टी के प्रत्याशी थे और पार्टी दूसरे नंबर पर थी।
 

Dhananjay Malhani By Election

धनंजय सिंह मल्हनी उपचुनाव

जौनपुर. पूर्व मंत्री और सपा विधायक पारसनाथ यादव के निधन के बाद खाली हुई जौनपुर की मल्हनी सीट से विधायक बनने का सपना देख रहे बाहुबली विधायक धनंजय सिंह को झटका लग सकता है। भारतीय जनता पार्टी इस सीट पर खुद चुनाव लड़ेगी। खुद भाजपा नेता सुनील बंसल ने इसकी घोषणा की। कयास लगाए जा रहे थे कि भारतीय जनता पार्टी गठबंधन के तहत सीट अपनी सहयोगी निषाद पार्टी को दे सकती है। ऐसी सूरत में धनंजय सिंह का यहां से उपचुनाव में प्रत्याशी होना तय माना जा रहा था। पिछले चुनाव में धनंजय निषाद पार्टी के टिकट पर दूसरे नंबर पर थे।


सुनील बंसर रविवार को जौनपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने एक होटल में पार्टी की समन्वयक बैठक की। जिले के सभी विधायकों और सांसद के साथ-साथ भाजपा के सभी जिला पदाधिकारी और मल्हनी विधानसभा के पांचों मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी संग पार्टी को मजबूत बनाने पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि 14से 21 सितम्बर तक प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के मौके पर सेवा सप्ताह के बारे में चर्चा की। बताया कि इसके तहत हर सेक्टर पर भाजपा का झंडा फहराया जाएगा। युवा मोर्चा के द्वारा रक्तदान शिविर लगेगा। प्रत्येक मण्डल पर सफाई का कार्य होगा।

 

Sunil Bansal Malhani By Election

 

इसी दौरान उन्होंने जिले में मल्हनी उपचुनाव को लेकर चल रही कयासआराइयों पर भी विराम लगा दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मंडल अध्यक्ष कमर कस लें, क्योंकि भाजपा ही मल्हनी से उपचुनाव लड़ेगी। पार्टी की रीढ़ कार्यकर्ता हैं। इसलिये बूथ पर जाकर आज से ही मेहनत शुरू कर दें तो चुनाव जीतने से उन्हें कोई रोक नहीं सकता। इस दौरान मुख्य रुप से क्षेत्रीय अध्यक्ष काशी महेश श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश में कैबिनेट मंत्री और विधानसभा मल्हनी चुनाव प्रभारी अनिल राजभर भी मौजूद रहे।


बताते चलें कि जेल से निकलते ही बाहुबली धनंजय सिंह ने मीडिया के साथ बातचीत में कहा था कि अगर गठबंधन के तहत उपचुनाव में मल्हनी सीट निषाद पार्टी को मिलती है तो पार्टी अध्यक्ष तय प्रत्याशी तय करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा था कि 2017 के चुनाव में निषाद पार्टी दूसरे नंबर पर रही थी। याद रहे कि निषाद पार्टी से खुद धनंजय सिंह प्रत्याशी थे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो