जौनपुर

दबंगों ने विद्यालय में घुसकर शिक्षक को पीटा, फाड़ा रजिस्टर

शिक्षक संघ ने कहा कि अगर तीन दिन में दबंग नहीं पकड़े गए तो संगठन बड़ा संघर्ष करने को बाध्य होगा

जौनपुरNov 10, 2018 / 06:35 pm

Ashish Shukla

दबंगों ने विद्यालय में घुसकर शिक्षक को पीटा, फाड़ा रजिस्टर

जौनपुर. सिकरारा थानांतर्गत प्राथमिक विद्यालय फिरोजपुर प्रथम के प्रधानाध्यापक आलोक सिंह को दबंगो ने शनिवार को विद्यालय में घुसकर पीट दिया। विद्यालय का आवश्यक रजिस्टर भी फाड़ दिया। जानकारी होते ही उक्त विद्यालय पर शिक्षक संघ के लोग भी पहुंच गए। थाने में तीन लोगों के खिलाफ नामजद व दर्जन भर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है।
प्रधानाध्यापक आलोक सिंह अपने अन्य शिक्षकों के साथ विद्यालय के बरामदे में उपस्थिति रजिस्टर व लागबुक रजिस्टर के साथ मध्यान्ह भोजन रजिस्टर सही कर रहे थे। उनके अन्य सहयोगी शिक्षक छात्रों को कक्षाओं में पढा रहे थे। आरोप है कि दिन में लगभग 12:45 बजे गांव के कुछ दबंग साथियों के साथ विद्यालय पहुंचे। विद्यालय में घुसते ही किसी बात को लेकर थप्पड़ से मारने लगे।
कुछ लोग विद्यालय का लागबुक रजिस्टर, मध्यान्ह भोजन रजिस्टर, उपस्थिति रजिस्टर फाड़ते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। जान बचाने के लिए शिक्षक ने शोर किया तो विद्यालय का स्टाफ और आसपास के लोग दौड़े। उनको आता देख दबंग बाइक से भाग निकले। सूचना थाने पर दी तो थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार पांडेय फोर्स के साथ उक्त विद्यालय पर पहुंच गए। प्रधानाध्यापक से पूछताछ कर कार्रवाई का आश्वासन देकर थाना वापस आ गए। आलोक ने फोन से सूचना प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह व जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार के साथ संगठन के अन्य पदाधिकारियों की दी।
इसके बाद संगठन के लोग विद्यालय पर पहुंच गए। पीड़ित से मामले की जानकारी लेने के बाद उनको लेकर थाना परिसर में पहुंचे। वहां थानाध्यक्ष को तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज कराने व कड़ी कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने थानाध्यक्ष को तीन दिन का समय दिया है। कहा कि अगर तीन दिन में दबंग नहीं पकड़े गए तो संगठन बड़ा संघर्ष करने को बाध्य होगा।

Home / Jaunpur / दबंगों ने विद्यालय में घुसकर शिक्षक को पीटा, फाड़ा रजिस्टर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.