पति से पानी को लेकर हुआ विवाद तो उठाया खौफनाक कदम, कमरे में बंद कर खुद व बच्चों पर छिड़का केरोसिन और लगा ली आग
जौनपुर. केराकत कोतवाली क्षेत्र के सोहनी गांव (बरबसपुर) में शुक्रवार को गृह कलह से ऊब कर एक महिला दुधमुंहे बेटे संग आत्महत्या कर ली, जबकि घटना के दौरान सात वर्षीय बेटी कमरा खोल कर भाग निकली जिससे उसकी जान बच गई। कुछ दिन पूर्व पति-पत्नी में पानी पीने को लेकर विवाद हुआ था। सुबह परिवार के सदस्य अपने-अपने कार्य में व्यस्त हुए तो महिला ने ये खौफनाक कदम उठाया।
रीवा मध्यप्रदेश की रहने वाली रेखा 26 की शादी कमलेश के साथ 2009 में हुई थी। कुछ दिन पहले ही दंपती में एक लोटा पानी पीने को लेकर कहासुनी हो गई। परिवार के अन्य सदस्यों ने दोनों को समझा-बुझा कर शांत करा दिया। शुक्रवार सुबह फिर दोनों में कुछ कहासुनी हो गई। इसके बाद पति गांव में दुकान से पूजा का सामान लेने चला गया। सास व ननद धान की रोपाई करने खेत चली गईं।
इसी बीच रेखा ने सात माह के पुत्र अमित और बेटी आंचल को लेकर कमरे में चली गई। दरवाजा अंदर से बंद कर खुद पर और बच्चों पर केरोसिन छिड़क दिया। आंचल को भय लगा तो वह खुद को छुड़ाते हुए दरवाजा खोल कर भाग निकली। बाहर जाकर शोर मचाने लगी। आवाज सुन कर आसपास के लोग पहुंचे तो रेखा और अमित आग में लिपटे हुए थे। पानी डाल कर आग बुझाई गई। तब तक परिजन भी खबर पाकर पहुंच गए। रेखा की मौत मौके पर ही हो गई थी, आनन-फानन में बच्चे को सीएचसी, फिर वहां से जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि पति-पत्नी में पानी को लेकर विवाद हुआ था।