scriptनरेन्द्र मोदी के 1 घंटे पहले थी प्रियंका गांधी की जनसभा, प्रशासन ने नहीं दी हेलिकॉप्टर उतरने की इजाजत | Priyanka Gandhi Helicopter Landing Permission Cancel for Jaunpur Rally | Patrika News

नरेन्द्र मोदी के 1 घंटे पहले थी प्रियंका गांधी की जनसभा, प्रशासन ने नहीं दी हेलिकॉप्टर उतरने की इजाजत

locationजौनपुरPublished: May 08, 2019 02:57:16 pm

प्रियंका गांधी की रैली के ठीक एक दिन पहले हेलिकॉप्टर लैंडिंग की नहीं मिली अनुमति, रद्द हो सकती है रैली
नौ मई को प्रियंका गांधी जौनपुर की रैली से पूर्वांचल में छठें और सातवें चरण के लिये शुरू करने वाली हैं प्रचार अभियान।
प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए नहीं दी हेलिकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति।

Narendra Modi Priyanka gandhi

नरेन्द्र मोदी प्रियंका गांधी

जौनपुर. छठें और सातवें चरण के लिये प्रियंका गांधी के चुनाव प्रचार को शुरू होने से पहले ही बड़ा झटका लगा है। यहां गुरुवार को प्रियंका गांधी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दोनों की ही रैलियां थीं। पर शायद अब प्रियंका गांधी नरेन्द्र मोदी के ठीक पहले अपनी जनसभा न कर पाएं, क्योंकि प्रशासन ने उनके हेलिकॉप्टर को लैंडिंग की इजाजत देने से इनकार कर दिया है। जनसभा के ठीक एक दिन पहले इस तरह हेलिकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति न मिलने से उनकी जनसभा रद्द भी हो सकती है। जिला प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए हेलिकॉप्टर लैंडिंग की इजाजत देने से इनकार कर दिया है।
दरअसल गुरुवार नौ मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली जौनपुर के सिरकोनी ब्लॉक अन्तर्गत कुद्दूपुर में शाम 4.45 बजे होनी है। पर उनके पहले दोपहर दो बजे प्रियंका गांधी की रैली जौनपुर के बदलापुर अन्तर्गत सरोखनपुर गांव में प्रस्तावित है। इसके लिये तैयारियां भी अंतिम चरणों में हैं और हेलिपैड तक बना दिया गया। प्रियंका का हेलिकॉप्टर (कॉल साइन- VT-IKR) की लैंडिंग के लिये हेलिपैड सरोखनपुर गांव निवासी सुरेश चन्द्र शुक्ला की जमीन पर बनाया गया है। बुधवार को हेलिपैड पर ट्रायल लैंडिंग होनी थी। पर इसी बीच प्रशासन ने अंतिम समय में ठीक एक दिन पहले सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए लैंडिंग की इजाजत देने से इनकार कर दिया।
प्रशासन की ओर से अपर जिला मजिस्ट्रेट वित्त एवं राजस्व जौनपुर द्वारा जारी लेटर में कहा गया है कि लैंडिंग की इजाजत देने के पहले प्रशासन द्वारा बदलापुर सीओ से जो रिपोर्ट मंगवायी है उसमें कुछ सुरक्षा बिंदू गिनाए गए हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि जिस जगह हेलिपैड बना है उसके एक तरफ आवासीय घर बने हुए हैं, जबकि लैंडिंग स्थल से थोड़ी ही दूर पर बिजली के तार भी गुजरे हैं। इन सब वजहों को गिनाते हुए लैंडिंग की जगह को सुरक्षा के लिहाज से अनुचित बताया गया है। इस बाबत सियासी गलियारों में हेलिकाप्टर लैंडिंग की इजाजत न दिये जाने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
By Javed Ahmad

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो