जिस युवक की शादी हो रही है वह मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के बक्शा थानान्तर्गत दरियागंज का रहने वाला है। युवक का नाम पंकज यादव पुत्र राम नयन यादव है। उसकी शादी जौनपुर के ही शम्भूगंज उचौरा गांव निवासी कामता प्रसाद यादव की पुत्री वन्दना यादव के साथ आगामी चार मई को होगी। शादी में टेंट से लेकर प्लेट तक सब सपा के रंग में रंगा हो सकता है। यहां तक कि वहां खाना खिलाने के लिये लगाए गए लोग भी समाजवादी रंग में रंगे नजर आएंगे!
पंकज यादव ने पूरी शादी को समाजवादी रंग में रंगने का इंतजाम कर लिया है। पूरा जश्न सपा के रंग में सराबोर होगा तो वहीं शादी की खुशियों को दोगुना करने के लिये सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव , मुलायम सिंह यादव , शिवपाल सिंह यादव और आजम खां समेत दिग्गज सपा नेता भी इसमें शिरकत कर सकते हैं। पंकज ने पत्रिका को बताया कि वह कार्ड देने के लिये कल खुद लखनऊ जा रहे हैं। पूरा प्रयास करेंगे कि शादी में अखिलेश भइया शामिल हो सकें। कहा कि जौनपुर समेत आस-पास के जिलों के सपा नेताओं को निमंत्रण भेजा जा चुका है।
पंकज ने पत्रिका से बातचीत में बताया कि दो महीने पहले ही उसे यह विचार आया। पिता ने भी उसका साथ दिया। बताया कि उनका पूरा परिवार समाजवाद का कायल है। शादी हो जाने के बाद पति-पत्नी मिलकर समाजवाद का झण्डा बुलंद करेंगे। पंकज कुमार यादव पहले से ही समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं। वह जौनपुर की मल्हनी विधानसभा के अध्यक्ष हैं। पार्टी के लिये वह लगातार समर्पित भाव से काम करते रहे हैं।
पंकज का शादी कार्ड सपा के हरे व लाल रंग में है। कार्ड के ऊपरी हिस्से में एक तरफ सपा का चुनाव निशान साइकिल बना हुआ है तो दूसरी ओर खुद अखिलेश यादव की तस्वीर लगी है। कार्ड पर भाजपाइयों को जलाने के लिये ”टूट गई विकास की डोर, चलो लौट चलें अखिलेश की ओर” नारा भी लिखवाया गया है। हालांकि कुछ लोग कह रहे हैं कि इस पर आपत्ति की जा सकती है, पर पंकज को इसकी परवाह नहीं।