scriptझाबुआ में प्रचार का शोर थमने से पहले दोनों पार्टियों ने लगाया जोर | Both parties put emphasis before the noise of publicity in Jhabua | Patrika News

झाबुआ में प्रचार का शोर थमने से पहले दोनों पार्टियों ने लगाया जोर

locationझाबुआPublished: Oct 19, 2019 11:06:23 pm

झाबुआ उप चुनाव : राणापुर के रण में दोनों दलों के सिपहसालारों ने संभाला मोर्चा

,

झाबुआ में प्रचार का शोर थमने से पहले दोनों पार्टियों ने लगाया जोर,झाबुआ में प्रचार का शोर थमने से पहले दोनों पार्टियों ने लगाया जोर

झाबुआ. झाबुआ विधानसभा उपचुनाव में प्रचार के अंतिम दौर में कांग्रेस-भाजपा दोनों दलों ने पूरी ताकत झोंक दी। शक्ति प्रदर्शन का केंद्र दोनों प्रत्याशियों का गृह क्षेत्र राणापुर रहा। कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में मुख्यमंत्री ने सभा की तो भाजपा प्रत्याशी के लिए पूर्व मुख्यमंत्री ने रोड शो किया। जिला मुख्यालय पर दोनों पार्टियों को सिपहसालारों ने मोर्चा संभाले रखा। शाम पांच बजे प्रचार थमते ही बाहर से आए नेता रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री बोले, फसल सबके सामने कटेगी और जैसी उपज होगी, वैसा प्यार मिलेगा
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया के समर्थन में राणापुर के दशहरा मैदान में चुनावी सभा ली। उन्होंने कहा फसल सबके सामने कटेगी। लोगों से सवाल किया, सब लोग इसके लिए राजी हैं? जैसी फसल आएगी वैसा ही प्यार मिलेगा। एक-एक गांव की फसल का हिसाब होगा। मुझे विश्वास है आप हमारे नौजवानों का भविष्य सुरक्षित रखेंगे। भाजपा ने जो काम 15 साल में नहीं किए, अगले 2-3 साल में करके दिखाऊंगा। मुख्यमंत्री बोले, आपसे रिश्ता जोडऩे आया हूं। हम मिलकर झाबुआ का नया इतिहास बनाएंगे। चुनाव खत्म होते ही मैं फिर से आऊंगा। मैंने कल इंदौर में देशभर के उद्योगपतियों को बुलाया था ताकि यहां निवेश आए। रोजगार के मौके बढ़ें।
भाजपा पर हमला : शिवराज अपने 15 वर्षों का दें हिसाब
प्रदेश में 15 वर्षों तक भाजपा सरकार रही। मैं शिवराजसिंह से पूछता हूं- आप यहां चार दिन से घूम रहे हैं। झूठ पर झूठ बोले जा रहे हैं। कह रहे हैं किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ। मैं पूछता हूं, शिवराजजी आप अपने 15 साल का हिसाब हमारे आदिवासी भाइयों को दें। हिसाब पूछने पर आप कांग्रेस ने क्या किया ढिंढोरा पीटने लगते हैं। हमारी सरकार को साढ़े 7 महीने हुए और आप चिल्ला रहे हैं कर्ज माफ नहीं हुए। शिवराजजी कितना झूठ बोलेंगे। प्रदेश ने तो आपको घर बैठा दिया है और 24 तारीख को झाबुआ के लोग भी इसे साबित करेंगे। यहां के आदिवासी सीधे-सादे और सरल स्वभाव के हैं। ये आपकी कलाकारी समझते हैं।
15 साल की निराशा कमलनाथ सरकार के आने के बाद आशा में बदल रही है
राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा ने कहा
झाबुआ. कमलनाथ सरकार के आने के बाद मप्र में 15 साल की निराशा अब आशा में बदलने लगी है। आने वाले दिनों में ये सरकार नया इतिहास रचेगी। यह बात राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा ने कही। वे शुक्रवार रात कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया के समर्थन में प्रचार के लिए आए थे।
पूर्वप्रधानमंत्री डॉ.मनमोहनसिंह का जिक्र करते हुए बताया उन्होंने पहले ही कह दिया था कि नोटबंदी से देश में 2 प्रतिशत जीडीपी में गिरावट आएगी। ऐसा ही हुआ। कमलनाथ सरकार की सराहना करते हुए कहा-मैंने एक बार मुख्यमंजी से निवेदन किया और उन्होंने जबलपुर में कैबिनेट की बैठक रख ली। जबलपुर के लिए 3 हजार करोड़ का पैकेज दिया। झाबुआ के लोग भी इसके लिए तैयार रहें। कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया के लिए तन्खा बोले वे एक अनुभवी राजनीतिज्ञ और अच्छे प्रत्याशी है। चुनाव जीतने पर वे यहां का नक्शा बदल देंगे। खास तौर पर झाबुआ आए कम्प्यूटर बाबा ने कहा शिवराजसिंह चौहान को जोकर का काम देना
चाहिए। वे फर्जी मामा बनकर प्रदेश की जनता को उल्लू बना रहे हैं। कमलनाथ सरकार को पूरे मप्र के संत समाज का साथ है। सरकार 5 साल नहीं बल्कि पूरे 25 साल चलेगी। जब बाबा से कहा गया कि वे भाजपा सरकार में राज्य मंत्री रह चुके हैं तो उन्होंने कहा वे मां नर्मदा के लिए भाजपा से जुड़े थे लेकिन शिवराज ने छल किया तो उन्होंने इस्तीफा दे दिया।
भाजपा प्रत्याशी के परिवारजन समेत गांव के 95 लोगों का कर्ज माफ
जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने शनिवार को भाजपा प्रत्याशी भानु भूरिया के गांव की ऋण माफी सूची प्रस्तुत की। इसमें भाजपा प्रत्याशी के माता-पिता और एक अन्य सदस्य के साथ गांव दौतड़ के 95 लोगों का कर्ज माफ की जानकारी दी। मंत्री ने कहा, भाजपा कर्ज माफी को लेकर भ्रम फैला रही है। भाजपा प्रत्याशी के परिवार के तीन सदस्यों का 2 लाख 74 हजार 406 रुपए का कर्ज माफ हुआ है। जिले में 99 प्रतिशत किसानों का कर्ज माफ किया जा चुका है। जिन मामलों में तकनीकी दिक्कतें हैं, उन्हें जल्द दूर कर लिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि यदि कांतिलाल भूरिया चुनाव जीते तो जबलपुर की तरह कमलनाथ कैबिनेट की बैठक झाबुआ में होगी। कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया ने कहा कि झाबुआ को मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा।
गरीबों की योजनाएं बंद करने वाली सरकार से बदला लेने का वक्त
झाबुआ. हमने गरीबों के लिए जो भी योजनाएं लागू की थी कमलनाथ सरकार ने वो सब बंद कर दी। अब उसका बदला लेने का वक्त आ गया है। लोकतंत्र में बदला लेने का माध्यम है वोट।
यह बात पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कही। वे झाबुआ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बोरी में भाजपा प्रत्याशी भानु भूरिया के पक्ष में चुनावी सभा लेने पहुंचे थे। उन्होंने कहाकि हमने गरीबों के लिए कई योजनाएं चालू की। भाजपा ने तय किया था कि जितने भी गरीब है उन्हें 1 रुपए किलो गेहूं व 1 रुपए किलो चावल दिया जाए। बेटे-बेटियों के लिए साइकिल दी। स्कूल खोले, छात्रावास खोले। किताबें दी। स्माार्ट फोन और लैपटॉप दिए। कांग्रेस ने सारी योजनाएं बंद कर दी। वे तो चाहते हैंं कि हमारे बेटे-बेटी हाथ में हसिया पकड़कर सोयाबीन-मक्का काटते रहे। अन्याय के विरुद्ध लडऩा चाहिए या नहीं। हम लडेंगे तो साथ दोगे। शासन की योजनाएं गिनाई। बेईमान कांग्रेसियों ने लाश के कफन के पैसे भी छिन लिए। प्रधानमंत्री आवास का पैसा नहीं दे रही कमलनाथ सरकार। गरीब मर रहा है, लेकिन उनकी चिंता नहीं कर रहे। कांगे्रस को केवल वोट की चिंता है। कांग्रेस जीत गई तो कांतिलाल कमलनाथ कहेंगे हम सही है मामा गलत है। झटका दे दिया तो कमलनाथ दंडवत करते रह जाएंगे। सारी योजनाएं चालू कर देंगे। शिवराज ने कहा बारिश से किसानों की फसलें खराब हो गई, लेकिन न तो कमलनाथ आए और न ही कांतिलाल खेत पर आए। यदि तुम्हारा मामा होता तो अपना हेलिकॉप्टर सीधे खेत में उतार देता और मुआवजा देता। फसल खराब होने पर मैंने झाबुआ-आलीराजपुर जिले में करोड़ों रुपए का मुआवजा दिया। 40 साल में कांतिलाल ने क्या किया। अब वक्त आ गया है उनसे जवाब मांगने का।
कमलनाथ को वोटों की चिंता, किसानों की फसल की नहीं : शिवराज
50-50 हजार बिजली बिल आ रहे, गरीब आदिवासी कहां से भरेगा
राणापुर. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यहां पर रोड शो कर चुनावी सभा में कहा कमलनाथ को वोटों की फसलों की चिंता है। किसानों की फसल की नहीं। 50-50 हजार बिजली के बिल आ रहे हैं। बेचारा गरीब आदिवासी इतने बिल कहां से भरेगा। उन्होंने लोगों से कहा कि कोई भी बिल नहीं भरेगा, सरकार बिजली काटेगी तो हम आंदोलन करेंगे। कमलनाथ को जवाब देना पड़ेगा। कमलनाथ कितनी बार झाबुआ आए, एक बार भी किसी किसान के खेत में गए क्या। किसान का दर्द नहीं समझा। मक्का, सोयाबीन उड़द की फसल चौपट हो गई, लेकिन सरकार सोई है। एक नहीं कई मंत्री चले आए, गांव-गांव और फलिया-फलिया घूम रहे हैं। मक्का की रोटी खा रहे हैं। कड़कनाथ भी घबरा गए हैं। किसानों को मुआवजा नहीं बंटा। 40000 प्रति हेक्टेयर मुआवजा मिलना था जो नहीं मिला।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने झाबुआ में किया रोड शो
झाबुआ. भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राकेशसिंह ने शनिवार दोपहर में भाजपा प्रत्याशी भानु भूरिया के पक्ष में जिला मुख्यालय पर रोड शो किया। इसकी शुरुआत शहीद टंट्या मामा की प्रतिमा से हुई। यहां से गोपाल कॉलोनी, सरदार पटेल मार्ग, नेहरू मार्ग, सुभाष मार्ग, कमल टॉकीज रोड, रूनवाल बाजार, थांदला गेट, बस स्टैंड होते हुए रोड शो मेघनगर नाके पर स्थित स्व. दिलीपसिंह भूरिया के प्रतिमास्थल पर समाप्त हुआ। इस दौरान रास्ते में कई संगठनों ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। राजबाड़ा चौक पर राजबाड़ा मित्र मंडल के सदस्यों ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का स्वागत किया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो