scriptनेता बोले बी फॉर्म नहीं मिला तो निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव | Leader Bole B Form not Found, Independents Will Fight Election | Patrika News
झाबुआ

नेता बोले बी फॉर्म नहीं मिला तो निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव

दोनों दल के कार्यकर्ताओं में टिकट वितरण को लेकर असंतोष

झाबुआJul 25, 2017 / 11:52 pm

Shruti Agrawal

jhabua

jhabua

झाबुआ. भाजपा द्वारा नगरपालिका झाबुआ व नगर पंचायत राणापुर, पेटलावद और थांदला के प्रत्याशियों की सूची करने के बाद से ही अधिकांश कार्यकर्ताओं में बगावत के स्वर फूटने लगे हैं। 


कई कार्यकर्ता पार्टी की सूची जारी होने के पूर्व ही पार्टी के बैनर तले अपने नामांकन जमा कर चुके हैं, लेकिन सूची आने के बाद उनके स्थान पर दूसरे प्रत्याशी का नाम जुड़ा है। जिन प्रत्याशियों के नाम सूची में नहीं आए वे अपना नाम वापस लेने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि 27 जुलाई को नाम वापसी होगी। यदि उस दौरान उन्हें बी फॉर्म नहीं मिला तो वे निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने वर्षो पार्टी का काम किया। जब उनके आगे बढऩे का मौका आया तो उनसे यह मौका भी छीन लिया। टिकट वितरण को लेकर शहर में भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। 
चर्चाओं के अनुसार कुछेक वार्ड से अन्य वार्ड के रहवासियों को प्रत्याशी बना दिया गया। जबकि रायशुमारी के दौरान प्रत्येक वार्ड में घूमकर वार्डवासियों की सहमति से प्रत्याशी चुनने का वादा किया था। प्रत्याशी भी वार्ड का चुना जाना था। रायशुमारी के बाद भी योग्य प्रत्याशियों को टिकट नहीं मिला। 
मंगलवार को कांग्रेस ने भी झाबुआ नपा सहित नगर पंचायत थांदला, राणापुर व पेटलावद के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। इसके बाद कांग्रेसियों का विरोध प्रकट हो रहा है। वार्ड 3 से कांग्रेस प्रत्याशी सायरा बानो को टिकट न मिलने से उन्होंने प्रदेश सचिव पद से इस्तीफा दे दिया है। वहीं कुछेक और भी पदाधिकारी भी टिकट वितरण को लेकर नाराजगी जता रहे हैं। 18 वार्ड के लिए 77 पार्षदों ने दावेदारी कर रखी है। इनमें से अधिकतर प्रत्याशी भाजपा व कांग्रेस से नामांकन भर चुके हैं। जो फिलहाल कदम पीछे हटाने को तैयार नहीं हैं।
कांग्रेस की पूर्व नपं अध्यक्ष ने थामा भाजपा का दामन
थांदला नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष मार्था डामोर ने कांगे्रस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। उन्होंने वार्ड 10 से पार्षद पद के लिए भाजपा पार्टी की ओर से नामांकन दाखिल किया है। इससे थांदला के कांग्रेस पदाधिकारियों को बड़ा झटका लगा। 
नामांकन जमा करने के पश्चात मार्था डामोर ने पार्टी पदाधिकारियों को बताया कि वे भाजपा में शामिल होंगी। डामोर ने पार्टी पदाधिकारियों पर आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने मेरा साथ नहीं दिया। हालांकि मैं पार्टी से पूर्व में अध्यक्ष रह चुकी हूं। भाजपा की रीति नीति से प्रभावित हुई हूं। इसलिए भाजपा से नामांकन दाखिल किया है। थांदला विधायक कलसिंह भाबर, पिछड़ा वर्ग प्रदेश मंत्री संगीता सोनी, मंडल अध्यक्ष नटवर पंवार ने भाजपा में शामिल होने पर मार्था डामोर का स्वागत किया। 

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो