scriptपुलिस को चकमा देकर जला दिया पुतला | Police charred to death | Patrika News

पुलिस को चकमा देकर जला दिया पुतला

locationझाबुआPublished: Jan 21, 2019 09:58:11 pm

प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन छतरी चौक पर भाजपा के बड़े नेता देते रहे भाषण

jj

पुलिस को चकमा देकर जला दिया पुतला

झाबुआ. प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर सोमवार को जिला भाजपा ने मुख्यमंत्री कमलनाथ का पुतला फूंक दिया। खास बात यह है कि भाजपाइयों को प्रदर्शन से रोकने के लिए एएसपी प्रकाश परिहार व एसडीएम केसी परते के नेतृत्व में 40 से अधिक पुलिसकर्मी छतरी चौक के आसपास खड़े थे, लेकिन उन्हें चकमा देकर भाजपाई पुतला जलाने में कामयाब रहे। इससे पूर्व भाजपा नेता कलेक्टोरेट से पैदल मार्च निकालते हुए छतरी चौके पहुंचे।
यहां विधायक गुमानसिंह डामोर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ ही कानून व्यवस्था की हालत बद से बदतर हो चुकी है। बदले की भावना के साथ भाजपा के कार्यकर्ताओं की हत्या हो रही है। लूटपाट की घटनाएं तेजी से बढ़ी है। डामोर ने कहा इंदौर, मंदसौर के बाद बड़वानी जिले के बलवाड़ी मंडल अध्यक्ष की निर्मम हत्या कर दी गई। राणापुर के पास भूरीमाटी में एक चर्च के कथित फादर की प्रताडऩा से एक बालिका ने आत्महत्या कर ली। रानापुर और पेटलावद में व्यापारियों के साथ लूट हुई। पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है। पूर्व जिलाध्यक्ष दौलत भावसार, पूर्व विधायक शांतिलाल बिलवाल सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा नेता विश्वास सोनी, प्रफुल्ल गादिया, अजय पोरवाल, बहादुर हटिला, जुवानसिंह गुंडिया, नितेश गादिया, आरती भानपुरिया, निर्मला अजनार, संगीता पलासिया, लक्ष्मणसिंह नायक, भूपेश सिंगोड, कीर्ति भावसार, महेंद्र तिवारी, भानू भूरिया, संगीता डामोर, रामेश्वर नायक सहित बड़ी संख्या में भाजपा व किसान मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित थे।
पुलिस को ऐसे दिया चकमा :भाजपा नेता मुख्यमंत्री का पुतला नहीं जला सके इसके लिए भारी सुरक्षा बंदोबस्त किए थे। नगर पालिका की फायर ब्रिगेड भी खड़ी की गई। पहले भाजपा नेता कलेक्टोरेट में पुतला जलाने वाले थे, लेकिन बात नहीं बनी। ऐसे में वे छतरी चौक पहुंचे। उनके पहले पुलिस वहां पर आ गई। ऐसे में नेताओं ने योजना बनाई कि वे लोग भाषण देते रहेंगे। पुलिस का ध्यान उनकी तरफ रहेगा तब तक कार्यकर्ता जाकर चुपचाप पुतला जला दें। ऐसा ही किया गया। जब भाजपा नेता भाषण दे रहे थे तो पीछे से कार्यकर्ता निकले और जनपद पंचायत कार्यालय के सामने जाकर मुख्यमंत्री का पुतला जला दिया। इसके बाद जमकर नारेबाजी की गई।
भाजपा किसान मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन
झाबुआ. प्रदेश की कमलनाथ सरकार के खिलाफ सोमवार को भाजपा किसान मोर्चा ने प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम एडीएम एसपीएस चौहान को 12 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपकर उन्हें वचन पत्र में किए वादों की याद दिलाई। किसान मोर्चा के पदाधिकारी डीआरपी लाइन स्थित सांई मंदिर पर जमा हुए। यहां से रैली के रूप में कलेक्टोरेट पहुंचे। मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना था- कांग्रेस के राज में किसानों का शोषण हो रहा है। मंडियों में किसानों को अपनी फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा। व्यापारी, किसान व आमजन परेशान हो रहे हैं।
विधायक गुमानसिंह डामोर ने चेतावनी देते हुए कहा कांग्रेस सरकार किसानों के हित में काम करें नहीं तो अल्पमत सरकार को ज्यादा दिन नहीं चलनेे देंगे। भाजपा सडक़ों पर उतरकर प्रदर्शन करने से नहीं हिचकेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा ने कहा प्रदेश के गृहमंत्री बाला बच्चन के क्षेत्र में ही भाजपा के मंडल अध्यक्ष की हत्या हो गई है और सरकार कुछ नहीं कर रही। श्यामा ताहेड़ ने कहा कांग्रेस पार्टी ने अपने वचन पत्र मे किसानों के सभी तरह के 2 लाख तक के कर्ज माफ करने की घोषणा की थी वो छलावा साबित हुई है।
कल्याणसिंह डामोर, पूर्व विधायक शांतिलाल बिलवाल, मेगजी अमलियार, राजू डामोर, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य दौलत भावसार, मेघनगर जनपद अध्यक्ष सुशीला भाबोर व किसान मोर्चा के जिला महामंत्री कलमसिंह ने भी संबोधित किया। ज्ञापन का वाचन फकीरचंद राठौड़ ने किया। आभार प्रफुल्ल गादिया ने माना।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो