झांसी

नगर निगम: भाजपा में टिकटार्थियों की लंबी कतार, 60 वार्ड और 500 से ज्यादा दावेदार

नगर निगम: भाजपा में टिकटार्थियों की लंबी कतार, 60 वार्ड और 500 से ज्यादा दावेदार

झांसीOct 24, 2017 / 07:34 pm

Hariom Dwivedi

झांसी के सर्किट हाउस में दावेदारों से आवेदन लेते प्रदेश महामंत्री विद्या सागर सोनकर।

झांसी। नगर निगम के चुनाव में टिकट पाने के लिए भारतीय जनता पार्टी में इस समय एक अनार सौ बीमार जैसी स्थिति बन गई है। नगर निकाय चुनाव में किस्मत अजमाने के लिए दावेदारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। केवल भाजपाई ही नहीं, बल्कि दूसरे दलों से जुड़े लोग भी कमल के फूल चुनाव निशान पर चुनाव लड़ने को बेताब नजर आ रहे हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि झांसी नगर निगम के 60 वार्डों के लिए 500 से ज्यादा लोगों ने अपनी दावेदारी की है।
दो दिन लिए गए पार्षद के आवेदन

सर्किट हाउस में पार्षद के टिकट के लिए आवेदन की प्रक्रिया दो दिन चली। यहां पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर ने बतौर पर्यवेक्षक चुनाव लड़ने के इच्छुक भाजपा कार्यकर्ताओं से आवेदन लिए। दूसरे दिन उन्होंने स्थानीय निकाय के बुंदेलखंड प्रभारी जेके सिंह तथा सह प्रभारी चौधरी देवेंद्र सिंह के साथ सीपरी एवं प्रेमनगर मंडल के वार्डों के लिए आवेदन लिए। सबसे पहले प्रेमनगर मंडल के कार्यकर्ताओं को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया। इसके बाद सीपरी मंडल के भाजपाइयों के दावे लिए गए। इन दो दिनों में साठ वार्डों के लिए 500 से ज्यादा दावेदारों ने अपने आवेदन किए। इसके बाद भी बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता अपने आवेदन लिए घूमते नजर आए। इस दौरान सभी ने अपने-अपने आवेदन में उपलब्धियां भी गिनाईं। इस दौरान सबसे खास बात यह नजर आई कि तमाम मौजूदा पार्षद भी टिकट की लाइन में हैं, लेकिन पर्यवेक्षक के सामने ही इनमें से कई का विरोध दिखाई दिया।
ये लोग रहे मौजूद

इस दौरान बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, पूर्व मंत्री रवींद्र शुक्ल, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप सरावगी, संजीव श्रृंगीऋषि, नीता अवस्थी, सुबोध गुबरेले, अनिल मिश्रा, जुगल किशोर कुशवाहा, जमुना कुशवाहा, नंदकिशोर भिलवारे, मुकेश मिश्रा, राजकांतेश वर्मा, प्रियांशु डे, संजीव तिवारी, संजीव पटैरिया, हेमंत ठाकुर उपस्थित रहे। पर्यवेक्षक ने बताया कि प्रत्येक वार्ड में पैनल बनाया जाएगा तथा इसके बाद टिकट की घोषणा की जाएगी।

Home / Jhansi / नगर निगम: भाजपा में टिकटार्थियों की लंबी कतार, 60 वार्ड और 500 से ज्यादा दावेदार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.