script

हांफते-हांफते झांसी की जंग जीते रामतीर्थ

locationझांसीPublished: Dec 01, 2017 06:57:55 pm

Submitted by:

Laxmi Narayan

बुंदेलखंड की झांसी नगर निगम सीट पर भाजपा ने अपना कब्जा बरक़रार रखा है।

ramteerth singhal
झांसी. बुंदेलखंड की झांसी नगर निगम सीट पर भाजपा ने अपना कब्जा बरक़रार रखा है। शुरुआत दौर में पिछड़ते जा रहे भाजपा प्रत्याशी रामतीर्थ सिंघल ने चौदह चक्रों की गिनती पूरी होने के बाद बढ़त बनानी शुरू की और आखिरकार मेयर सीट पर जीत हासिल कर ली। उन्होंने बसपा के प्रत्याशी बृजेन्द्र कुमार व्यास को सोलह हज़ार से अधिक वोटों से हराया। इस सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप जैन आदित्य तीसरे नंबर पर रहे जबकि सपा चौथे स्थान पर सिमट गई।
पूर्व मंत्री ने बिगाडा बसपा का खेल

वोटों की गिनती शुरू होने पर बैलेट पेपर की गिनती में भाजपा ने बढ़त बनाई लेकिन कुछ ही देर बाद बसपा प्रत्याशी ने बढ़त लेना शुरू किया। चौदह चक्रों तक लगातार बढ़त बनाये रखने के बाद पन्द्रहवे चक्र की गिनती पूरी होने पर भाजपा के रामतीर्थ अचानक 667 वोटों से आगे आ गए। इसके बाद उन्होंने लगातार बढ़त बनाये रखी। गिनती के दौरान बीसवां और इक्कीसवां चक्र बेहद निर्णायक साबित हुआ। इन दोनों ही चरणों में तीसरे नंबर पर चल रहे प्रदीप जैन आदित्य को मिलने वाले वोट अचानक बढ़ गए जिसके कारण बसपा प्रत्याशी लगातार पिछड़ते चले गए।
बरकरार रहा भाजपा का कब्ज़ा

आखिरकार हांफते-हांफते भाजपा के रामतीर्थ सिंघल ने झांसी नगर निगम के महापौर की जंग जीत ली। उन्होंने कुल 77046 वोट हासिल किये जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी बसपा के बृजेंद्र व्यास को 60673 वोट मिले। रामतीर्थ ने यह चुनाव 16373 वोटों के अंतर से जीतते हुए इस सीट पर भगवा परचम फहराने में सफलता हासिल की। इस सीट पर इससे पहले भी भाजपा का कब्ज़ा रहा है और किरण वर्मा मेयर रही हैं। इस सीट पर केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद उमा भारती की भी प्रतिष्ठा दांव पर थी। बुंदेलखंड की इस महत्वपूर्ण सीट पर एक बार फिर कब्ज़ा जमाकर भाजपा ने यह साबित कर दिया है कि इस क्षेत्र के शहरी वोटरों पर अभी मोदी-जोगी का जादू बरक़रार है।

ट्रेंडिंग वीडियो