scriptसरहद पर इनका चांद, ऑनलाइन होगा दीदार | karwa chouth story jhunjhunu | Patrika News

सरहद पर इनका चांद, ऑनलाइन होगा दीदार

locationझुंझुनूPublished: Oct 17, 2019 12:09:53 pm

Submitted by:

Rajesh

चतुर्थी तिथि 17 अक्टूबर को सुबह 6 .48 शुरू होगी और अगले सुबह 7.29 बजे तक रहेगी। चंद्रोदय रात करीब 8 बजकर 28 मिनट पर होगा। लगभग व्रत का समय 13 घंटे 56 मिनट रहेगा। वहीं जानकारों की मानें तो इस बार उपवास का समय 13 घंटे 56 मिनट का है।

jhunjhunu news

सरहद पर इनका चांद, ऑनलाइन होगा दीदार


झुंझुनूं. आपसी विश्वास, प्यार और सुहाग की लम्बी उम्र की कामना का पर्व करवा चौथ गुरुवार को मनाया जाएगा। महिलाएं दिनभर व्रत रखेंगी। पर्व को लेकर जोरदार उत्साह है। महिलाएं रात को चंद्रोदय पर कथा सुनकर व्रत खोलेंगी।इस दौरान पति अपनी पत्नी को उपहार देंगे। घरों में पकवान बनाए जाएंगे। वहीं कई महिलाएं ऐसी भी जिनके पति देश की रक्षा के लिए सरहद पर तैनात हैं तो कोई सात समंदर पार नौकरी कर रहा है। पत्रिका डॉट कॉम टीम ऐसी ही महिलाओं के घर पहुंची और उनसे जाना कि वे किस प्रकार व्रत करेंगी।
karwa chouth story jhunjhunu

चंद्रोदय 8.28 पर होगा
चतुर्थी तिथि 17 अक्टूबर को सुबह 6 .48 शुरू होगी और अगले सुबह 7.29 बजे तक रहेगी। चंद्रोदय रात करीब 8 बजकर 28 मिनट पर होगा। लगभग व्रत का समय 13 घंटे 56 मिनट रहेगा। वहीं जानकारों की मानें तो इस बार उपवास का समय 13 घंटे 56 मिनट का है।

वीडियो कॉलिंग कर खोलूूंगी व्रत
झुंझुनूं शहर के वार्ड22 में रहने वाले राजेश जांगिड़ गत 10 वर्षों से दुबई में रह रहे हैं। उनकी पत्नी मायादेवी गत चार साल से वीडियो कॉल कर करवा चौथ का व्रत खोलती हंै। करवा चौथ पर इस बार भी उन्होंने एक दिन पूर्व वीडियो कॉलिंग पर बात की। मायादेवी ने बताया कि चार साल पूर्व वे करवा चौथ पर यहां आए थे। इस बार भी गुरुवार को करवाचौथ के दिन वीडियो कॉलिंग से बात कर व्रत खोलेंगी।
karwa chouth story jhunjhunu

चार दिन पहले ही गए
चिड़ावा. बुहाना क्षेत्र के सांगा हाल चिड़ावा के वार्ड 25 निवासी रमेश देवी यादव 29 साल से फौजी पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रख रही हैं। यादव के पति सुबेदार विश्वास कुमार यादव बीकानेर के नजदीक सरहद पर तैनात हैं। उन्होंने करीब एक माह पहले ही बीकानेर में ज्वाइन किया। इससे पहले वे कश्मीर में सरहद की रक्षा कर रहे थे। यादव बताती हैं, मन में टीस तो बहुत है कि करवा चौथ का व्रत पति का चेहरा देखकर ही खोलूं। मगर घर पर नहीं हैं तो उनकी फोटो देखकर ही व्रत खोलना पड़ेगा। रमेश देवी ने बताया कि चार दिन पहले ही छुट्टी काटकर गए हैं।

खलती है उनकी दूरी
मलसीसर. दुलपुरा निवासी सुशील कुमार खींचड करीब 6 वर्ष पूर्व जाट बटालियन में भर्ती हुए। वर्तमान में लखनऊ में पोस्टिंग है। फौजी सुशील कुमार की पत्नी निगम ने बताया कि शादी को दो वर्ष हो गए हैं लेकिन करवा चौथ के मौके पर पति कभी घर नहीं रहे। पति का पास नहीं होना खलता बहुत है।

देश सेवा ज्यादा जरूरी
गुढ़ागौडज़ी. किशोरपुरा गांव के भोपा की ढाणी के सैनिक परमेश्वर लाल खटाणा की पत्नी लक्ष्मी देवी ने बताया कि उनकी शादी को नौ साल हो गए लेकिन करवा चौथ के दिन कभी पति का चेहरा देखना नसीब नहीं हुआ। सैनिक परमेश्वर हाल ही में श्रीनगर में तैनात है। लक्ष्मी देवी ने बताया कि मेरे पति भले ही व्रत के दिन घर पर नहीं रहे लेकिन मुझे इस बात का गर्व है कि वो देश की सेवा के सरहद पर तैनात रहते है। वे पहले तो उनकी तस्वीर देखकर व्रत खोलती थी लेकिन अब वीडियो कॉल करके उनका चेहरा देखकर उपवास खोलती हैं।
बेसब्री से रहता इंतजार
बगड़. पठानकोट में तैनात खुडाना गांव के विनोद कुमार की पत्नी संगीता ने बताया कि इस पर्व का बेसब्री से इंतजार रहता है। पति देश की सुरक्षा में जुटे हुए हंै। यहां मैं उनकी लम्बी उम्र की कामना को लेकर व्रत रख रही हूं। वीडियो कॉलिंग से चेहरा देखकर व्रत खोलूंगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो