जींद

मेरा किसी से नहीं मतभेद,कांग्रेस एकजुट:तंवर

अशोक तंवर ने विधानसभा चुनाव लडने की इच्छा भी जाहिर की…
 
 

जींदJan 29, 2019 / 06:31 pm

Prateek

ashok tanwar

(चंडीगढ़,जींद): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने पार्टी में पिछले लंबे समय से चल रही गुटबाजी पर विराम लगाते हुए दावा किया है कि उनका किसी के साथ कोई मतभेद नहीं है। समूची कांग्रेस पार्टी इस समय पूरी तरह से एकजुट है। तंवर ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनके किसी के साथ कोई मतभेद नहीं हैं और समूची कांग्रेस पार्टी भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए पूरी तरह से एकजुट है।

 

तंवर ने जींद उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सुरजेवाला की जीत का दावा करते हुए कहा कि भाजपा ने लोगों का ध्यान भटकाने के लिए जींद चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर सीबीआई की रेड करवाई। इसके बावजूद जींद की जनता ने इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को मुंह नहीं लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जींद उपुचनाव परिणाम के बाद हरियाणा में भाजपा के लिए उलटी गिनती शुरू हो जाएगी।

 

उन्होंने दावा किया कि आज भाजपा व इनेलो के कई विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं। आने वाले दिनों में भाजपा के कई विधायक और नेता कांग्रेस के खेमे में बैठे हुए नजर आएंगे। अशोक तंवर ने अगली बार विधानसभा चुनाव लडऩे की इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से चुनाव के लिए तैयार है। सरकार जब चाहे चुनाव करवा सकती है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव के चलते प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के ब्लाक व जिला कार्यकारिणी का गठन पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए सूचियां तैयार हो चुकी हैं।

 

इस अवसर पर पूर्व आईपीएस दलबीर भारती, पूर्व मंत्री बीजेन्द्र कादियान, पूर्व विधायक तेजवीर सिंह, कुलबीर बैनीवाल, आनंद कौशिक व नरेश शर्मा, उपाध्यक्ष जयपाली सिंह लाली, कुलबीर सोहल व महाबीर प्रसाद, कोषाध्यक्ष तरूण भंडारी, महासचिव मीडिया प्रभारी कुलदीप सोनी, महासचिव मोहम्मद बिलाल, प्रौ. कुलताज, भूपेन्द्र गंगवा, मनवीर कौर गिल व राधा नरुला, देवेन्द्र सिंह बबली, सचिव सतबीर डागर, मनोज बेगमपुर, पंकज पुनिया, राजेश कोना, मास्टर छत्तर सिंह, सुरेश ढांडा, पंकज खरबंदा सहित सैंकड़ो कांग्रेसजन उपस्थित थे।


चुनाव घोषणा पत्र के लिए दिए सुझाव

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा आगामी चुनाव के मद्देनजर तैयार किए जा रहे जन आवाज नामक चुनावी घोषणा पत्र की तैयारी के लिए अपने सुझाव भेजे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर की अध्यक्षता में पार्टी नेताओं की एक बैठक आज यहां कांग्रेस मुख्यालय में हुई। जिसमें कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश से मिले फीडबैक के आधार पर अपने-अपने सुझाव रखे। कांग्रेस पार्टी द्वारा इन सुझावों के आधार पर एक रिपोर्ट तैयार करके कांग्रेस हाईकमान को भेजी जाएगी। जिसमें शामिल सुझावों को राष्ट्रीय स्तर पर तैयार होने वाले घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.