scriptजींद में दिग्गजों ने संभाली चुनाव प्रचार की कमान, मुख्यमंत्री खट्टर और भुपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने प्रत्याशियों के लिए किया प्रचार | haryana CM and bhupendra hudda start campaigning in jind | Patrika News

जींद में दिग्गजों ने संभाली चुनाव प्रचार की कमान, मुख्यमंत्री खट्टर और भुपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने प्रत्याशियों के लिए किया प्रचार

locationजींदPublished: Jan 18, 2019 07:53:42 pm

Submitted by:

Prateek

भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए जहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कंडेला में जनसभा में शिरकत करने के अलावा शहर में लगभग 30 जगह पर जलपान किया वहीं कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सुरजेवाला के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने आधा दर्जन गांव में जनसभाएं की…

cm

cm

(जींद): जींद उपचुनाव में प्रचार तेजी पकड़ रहा है। एक तरफ ठिठुरती सर्दी में जहां रात का तापमान गिर रहा है वहीं दूसरी तरफ सियासी गर्मी ने दिन का पारा चढ़ा दिया है। सभी पार्टियों के लिए साख का सवाल बन चुके जींद उपचुनाव को जीतने के लिए शुक्रवार को दिग्गज नेता मैदान में प्रचार करते हुए नजर आए। भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए जहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कंडेला में जनसभा में शिरकत करने के अलावा शहर में लगभग 30 जगह पर जलपान किया वहीं कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सुरजेवाला के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने आधा दर्जन गांव में जनसभाएं की।

 

भाजपा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरी-खट्टर

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कंडेला गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरी है और उन्होंने समान विकास करने के अलावा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में जहां भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद का बोलबाला था, वही भाजपा सरकार में मेरिट के आधार पर नौकरियां दी गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में विकास कार्यों में भी भेदभाव किया जाता था लेकिन भाजपा सरकार ने पूरे प्रदेश में एक समान विकास कराने के लिए लगातार काम किया।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जनता का भरोसा भाजपा पर कायम है और इसलिए उसका प्रत्याशी जींद उपचुनाव में भारी मतों के साथ विजय होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेयर के चुनाव में भी भाजपा प्रत्याशियों की एकतरफा जीत यह साबित करती है कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों पर भरोसा करती है और आगामी चुनाव में भी उसी को सत्ता सौंपने का काम करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी प्रत्याशी कृष्ण मिड्ढा जनता की सेवा करने की भावना रखते हैं और उन्हीं की नीतियों पर चलते हैं इसलिए भारी मतों से जीत हासिल करेंगे।

 

हरियाणा एक-हरियाणवी एक के नारे के साथ दिया एकता का संदेश

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि भाजपा ने जात-पात से ऊपर उठकर राजनीति की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने हरियाणा एक-हरियाणवी के संदेश के साथ प्रदेश में विकास कार्य करवाएं हैं। भाजपा सरकार ने प्रदेश को एकता व भाईचारे के सूत्र में पिरोने का काम किया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मिडिया प्रतिनिधियों से रूबरू होते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों में कंडेला में गांव में बिजली बिलों के भुगतान को लेकर गोलियां चलती थी और विवाद होते थे लेकिन हमारी सरकार की बेहतर नितियों के कारण आज ग्रामीण शांतिप्रिय ढंग से बिजली बिलों का भुगतान कर रहे हैं। उन्होने कहा कि हमारी बेहतर नितियों एंव विकास की वजह से भाजपा प्रत्यासी को विजय हासिल होगी। उन्होने जातीय रंग देने बारे कहा कि हम सभी वर्गो को साथ लेकर चल रहें है और सभी वर्ग आज भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं।

 


जींद का विकास सिर्फ कांग्रेस ने किया-हुड्डा

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सुरजेवाला के समर्थन में आधा दर्जन गांवों में जनसभाएं करने के अलावा मीडिया से बातचीत में यह दावा किया कि जींद का विकास कराने का काम सिर्फ कांग्रेस की सरकारों के समय किया गया। उन्होंने कहा कि उनके 9 साल के कार्यकाल में जींद शहर में विकास के अनेक काम हुए उनसे पहले की इनेलो सरकार और उनके बाद की भाजपा सरकार ने जींद के विकास के लिए कुछ नहीं किया। हुड्डा ने कहा कि चौटाला सरकार में जहां लूट- खसुट का काम होता था, किसानों पर गोलियां चलाई जाती थी, कर्मचारियों की आवाज दबाई जाती थी और व्यापारियों को लूटा जाता था, वहीं भाजपा सरकार ने 4 साल में प्रदेश का भाईचारा खत्म करने का काम किया।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर ही जींद का विकास संभव हो पाएगा। हुड्डा ने कहा कि वह जींद जिले की मिट्टी से संबंध रखते हैं और इस मिट्टी का पूरा कर्ज चुकाना बाकी है। वे अगली सरकार बनने पर रणदीप सुरजेवाला के साथ मिलकर जींद का कैथल की तरह विकास कराने का काम करेंगे। हुड्डा ने विकास के मामले में इनेलो और भाजपा दोनों को चैलेंज करते हुए कहा कि वह दोनों पार्टियां सिर्फ जनता का बरगलाने का काम करती हैं जबकि कांग्रेस विकास और सभी वर्गों की भलाई करने का काम करते हैं। हुड्डा ने दावा किया कि रणदीप सुरजेवाला भारी मतों से विजयी होंगे और उसके साथ ही भाजपा सरकार के खाते में की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो