scriptजोधपुर में आधे घंटे में आधा इंच बरसात | Half an inch rain in half an hour in Jodhpur | Patrika News

जोधपुर में आधे घंटे में आधा इंच बरसात

locationजोधपुरPublished: Jul 28, 2019 12:24:29 am

Submitted by:

jitendra Rajpurohit

– पीपाड़ आगोलाई लोहावट बापिणी सहित जिले के कई हिस्सों में झमाझम, कई इलाके रहे सूखे

Half an inch rain in half an hour in Jodhpur

जोधपुर में आधे घंटे में आधा इंच बरसात

जोधपुर. सूर्यनगरी में शनिवार रात आधे घंटे में जमकर अच्छी बरसात हुई। चार जुलाई को मानसून आने के बाद यह पहली अच्छी बरसात थी। शहर में रात को तेज हवा के साथ मेघ बरसे। हवा की रफ्तार करीब 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा थी। मौसम विभाग ने रात साढ़े ११ बजे तक 12.8 मिलीमीटर बरसात रिकॉर्ड की। देर रात तक रिमझिम बरसात का सिलसिला चलता रहा। जिले के पीपाड़ आगोलाई बापिणी लोहावट सहित अधिकांश हिस्सों में झमाझम बरसात हुई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी अच्छी बरसात होने की संभावना है। सोमवार और मंगलवार को बाड़मेर पाली जालौर सिरोही जोधपुर के कुछ हिस्सों में भारी बरसात हो सकती है। गौरतलब है कि जुलाई के प्रथम सप्ताह में मानसून के हिमालय की तलहटी में चले जाने से मानसून ब्रेक आ गया था। इसी सप्ताह मानसून फिर से धीरे-धीरे करके सामान्य हुआ है। जिसके कारण पूर्वी राजस्थान के बाद पश्चिमी राजस्थान में बरसात देखने को मिली है।
सूर्यनगरी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही आसमान बादलों से अटा हुआ था। बादलों की घनी आवाजाही के कारण गर्मी से निजात थी। दोपहर तक कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई लेकिन बरसात का इंतजार रहा। दोपहर में तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शाम ढलने के बाद भी उमस बरकरार रही। रात 10 बजे के बाद जिले में मौसम ने पलटा लेना शुरू किया। लोहावट से शुरू हुई बरसात धीरे-धीरे अधिकांश क्षेत्रों में पहुंच गई। जोधपुर में करीब 10.30 बजे तेज बरसात शुरू हुई। झमाझम बरसात से बाले बहने लग गए। घरों से पनाले चल निकले। लंबे इंतजार के बाद जुलाई के अंत में हुई अच्छी बरसात का लोगों ने जमकर स्वागत किया। शहरवासी तेज बरसात को देखकर खुशी के मारे झूम उठे। करीब आधे घंटे तक तेज बरसात चलती रही जिसके कारण शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया। निचले हिस्सों में आधे फीट तक पानी बहने लगा। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी हल्की से लेकर मध्यम बरसात दर्ज की गई। उधर, शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, पाल रोड, देव नगर सहित कई हिस्से सूखे रहे। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी बरसात का मौसम बना रहेगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो