जोधपुर

जोधपुर: अब डॉक्टर उतार रहे ब्लू व्हेल का जादू, तीन डॉक्टरों की निगरानी में किशोरी की काउंसलिंग शुरू

ब्लू व्हेल गेम के टास्क में जान देने के प्रयास का मामला
 

जोधपुरSep 12, 2017 / 12:45 pm

Nidhi Mishra

blue game task in Jodhpur

ब्लू व्हेल गेम का अंतिम टास्क पूरा करने के लिए कायलाना झील में स्कूटी सहित उतरकर जान देने का प्रयास करने वाली मंडोर निवासी किशोरी की सोमवार को मनोचिकित्सकों की निगरानी में काउंसलिंग शुरू कर दी गई। दोपहर में मंडोर पुलिस किशोरी को मथुरादास माथुर अस्पताल ले गई। वहां तीन चिकित्सकों की टीम ने काउंसलिंग की। उसे मंगलवार को भी बुलाया गया है। मंडोर थानाधिकारी मुक्ता पारीक के अनुसार मंडोर निवासी सेवानिवृत्त बीएसएफ जवान की पुत्री ने ब्ल्यू व्हेल गेम का अंतिम टास्क पार करने के लिए झील में स्कूटी सहित उतरने का प्रयास किया था। बाद में उसने दवाइयों की गोलियां भी खा ली थीं। वह कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रही। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सोमवार को मनोचिकित्सकों ने उसके दिमाग में बैठी ब्ल्यू व्हेल गेम की धुन को दूर करने के लिए समझाइश की।
 

मंडोर पुलिस, किशोरी के परिजन उसे दोपहर मथुरादास माथुर के मनोचिकित्सक जीडी कूलवाल के पास ले गए। वहां तीन चिकित्सकों की टीम गठित कर काउंसलिंग करने की जिम्मेदारी दी गई। चिकित्सक कूलवाल ने बताया कि किशोरी अब तक डरी हुई है। मानसिक स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होगा।
 

राजस्थान उच्च न्यायालय की विधिक सेवा समिति के चेयरमैन न्यायाधीश गोपालकृष्ण व्यास की ओर से खतरनाक ब्लू व्हैल गेम की जोधपुर में हुई घटना पर संज्ञान लेने के बाद स्कूलों के बच्चों में जागरूकता लाने के लिए कांग्रेस विधि विभाग के वकीलों ने भी कमर कस ली है। उन्होंने टीम तैयार की है, जो स्कूलों में जाकर बच्चों को जागरूक करेगी। कांग्रेस विधि विभाग की रविवार को हुई बैठक में जिला अध्यक्ष अनिल गौड़ एवं विधि विभाग के प्रदेश सचिव मनीष व्यास ने वकीलों को इस खतरनाक खेल के विरुद्ध एकजुट हो महाअभियान चलाने का आग्रह किया। जिला महासचिव राजकुमार यादव ने पैम्फलेट, पोस्टर, निबन्ध लेखन के जरिये बच्चों को इस खेल के विरुद्ध जागरूकता का अभियान चलाने की जानकारी दी।
 

यादव ने बताया की आगामी एक सप्ताह तक चलने वाले अभियान में भीतरी शहर की हथाइयों का दौरा कर पेम्फलेट का वितरण कर शहर के प्रबुद्धजनों के साथ मिलकर जागरूकता का संदेश घर-घर पहुंचाया जाएगा। बैठक का संचालन संभागीय सचिव सुरेन्द सिंह गागुडा ने किया। इस दौरान अनिल देवड़ा, योगेश ओझा, रवि पंवार, लक्ष्मणसिंह सोलंकी, अभिजीत गहलोत, किशोर चैहान, पुखराज जांगिड़, गौरवसिंह तोमर, समशुद्दीन पठान आदि मौजूद थे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.