script

सडक़ हादसों में श्रमिकों की गई जान, आत्महत्या, चोरी और लूट की पढ़ें ये जोधपुर क्राइम फाइल

locationजोधपुरPublished: Jun 01, 2019 05:08:32 pm

Submitted by:

Harshwardhan bhati

पुलिस का कहना है कि मृतक अविवाहित था। उसने आत्महत्या क्यों की इसका पता नहीं लग पाया है।

crime news of jodhpur

सडक़ हादसों में श्रमिकों की गई जान, आत्महत्या, चोरी और लूट की पढ़ें ये जोधपुर क्राइम फाइल

श्रमिक ने फंदा लगाया
जोधपुर. बोरानाडा औद्योगिक क्षेत्र में कार्टन और गत्ते बनाने वाली फैक्ट्री परिसर स्थित कमरे में शुक्रवार को एक श्रमिक फंदे पर लटका मिला। बोरानाडा थाना पुलिस ने बताया कि मूलत: अजमेर में कोटड़ा के पास रैगरों का बास, हाल बोरानाडा में गत्ते बनाने की फैक्ट्री निवासी चंद्रप्रकाश (25) पुत्र नौरतमल रैगर फैक्ट्री परिसर में दो अन्य श्रमिकों के साथ कमरे में रहता था। साथी श्रमिक शुक्रवार सुबह उठे तो उसे रस्सी के फंदे पर लटका पाया। उसकी मृत्यु हो चुकी थी। फैक्ट्री मालिक व पुलिस मौके पर पहुंची और परिजन को सूचित करने के बाद शव मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया गया। अपराह्न में परिजन जोधपुर पहुंचे तो पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव सौंपा। पुलिस का कहना है कि मृतक अविवाहित था। उसने आत्महत्या क्यों की इसका पता नहीं लग पाया है।
——
ट्रेलर की चपेट से बाइक सवार श्रमिक की मौत
बासनी औद्योगिक क्षेत्र में ट्रक शोरूम के पास तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट से मोटरसाइकिल सवार एक श्रमिक की मौत हो गई। बासनी थाना पुलिस के अनुसार मूलत: बाड़मेर हाल बासनी औद्योगिक क्षेत्र में हैण्डीक्राफ्ट फैक्ट्री निवासी महिपालसिंह गत 29 मई को बाइक पर वीर प्रभु कम्पनी के पास से निकल रहा था। तभी तेज रफ्तार व लापरवाही से आए ट्रेलर ने उसे चपेट में ले लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंपा। परिचित श्रमिक सोहनसिंह की तरफ से ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
——–
ट्रेन की चपेट से युवक की मौत
बनाड़ रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिला। राजकीय रेलवे पुलिस को अंदेशा है कि गुरुवार रात उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी होगी। जीआरपी थानाधिकारी रविन्द्र बोथरा ने बताया कि बनाड़ में कुम्हारों का बास निवासी रवि (22) पुत्र बुधाराम प्रजापत गुरुवार सुबह बिना बताए घर से निकला था। वो शाम तक नहीं लौटा तो परिजन ने मोबाइल पर बात करनी चाही, लेकिन जवाब नहीं मिला। घरवालों ने संभावित जगहों पर उसकी तलाश शुरू की। इस बीच, शुक्रवार सुबह बनाड़ रेलवे स्टेशन के पास उसका शव मिला। पास मिले मोबाइल से पहचान होने पर परिजन को सूचना दी गई। कार्रवाई के बाद शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया, जहां पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंपा गया। मृतक के पिता ने मर्ग दर्ज कराया है। मृतक मजदूरी करता था।
——-
दुकानदार सफाई में व्यस्त, महिला ने पायजेब चुराया
सदर बाजार थानान्तर्गत हाथी राम का ओडा में आभूषण की एक दुकान से शुक्रवार सुबह एक महिला दुकानदार को चकमा देकर 170 ग्राम पायजेब चुरा ले गई। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की तलाश की जा रही है। थानाधिकारी लेखराज सियाग के अनुसार हाथी राम का ओडा निवासी नरेन्द्र सोनी की क्षेत्र में ही बाबू ज्वैलर्स नामक दुकान है। उसने शुक्रवार सुबह दुकान खोली और साफ-सफाई में व्यस्त हो गया। तभी वहां एक महिला आई। दुकानदार के काम में व्यस्त होने से उसने कोई बात नहीं की। इसका फायदा उठाकर महिला ने काउंटर में हाथ डाला और वहां रखा प्लास्टिक का एक बॉक्स उठा लिया। जिसे उसने अपने थैले में रखा और चलती बनी। महिला के जाने के बाद दुकानदार ने जेवर व अन्य सामान संभाले तो बॉक्स गायब पाया। उसमें 170 ग्राम चांदी की पायजेब जोड़ी थी।
——
पेट्रोल पंप के सामने मिला वृद्ध का शव
रातानाडा थानान्तर्गत राजपूताना पेट्रोल पंप के सामने निगम ऑफिस के पास एक वृद्ध का शव मिला। शिनाख्त के अभाव में शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब अस्सी वर्ष, बदन दुबला पतला, बाल व दाढ़ी सफेद है। मृतक ने भगवा तैहमल लपेट रखी थी। मृत्यु के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
——-
मोहनपुरा पुल के गर्डर में फंसी पिकअप
जोधपुर. मोहनपुरा ओवरब्रिज पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए लगाए लोहे के भारी-भरकम गर्डर में शुक्रवार देर रात एक बोलेरो पिकअप फंस गई। वहां से निकलने के प्रयास में गर्डर का एक हिस्सा नीचे गिर गया। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। वाहन फंसा होने से कोई आवाजाही नहीं थी, अन्यथा हादसा हो सकता था।
पुलिस के अनुसार रातानाडा की तरफ से आ रही गुजरात नम्बर की एक बोलेरो पिकअप के चालक ने पुल के ऊपर से निकालने का प्रयास किया। इसमें पिकअप लोहे के गर्डर के नीचे फंस गई। चालक ने निकलने का प्रयास किया तो वाहन और अधिक फंस गया। इस आपाधापी में गर्डर का एक कोना खिसकर नीचे जा गिरा। वाहन फंसा होने से कोई आवाजाही नहीं थी, अन्यथा हादसा हो सकता था। पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप बाहर निकाली। फिर क्रेन की मदद से गर्डर रोड से हटाया गया। पिकअप जब्त की गई है।

ट्रेंडिंग वीडियो