जालोरी गेट सर्किल पर उपद्रव के बाद अब हालात काफी सामान्य होने लगे हैं। कर्फ्यू के छठे दिन रविवार अपराह्न चार बजे माेबाइल इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गईं। जिससे शहरवासियों ने राहत की सांस ली। उधर, कर्फ्यू में आठ घंटे की छूट के दौरान बाजार में कुछ रौनक व सड़कों पर चहल-पहल नजर आईं।हालांकि गर्मी के चलते दोपहर बाद बाजार सूने हो गए।
स्थिति सामान्य होने के चलते रविवार को सुबह नौ से शाम पांच बजे तक आठ घंटे की छूट देकर डेयरी, फल-सब्जी, किराणा व चश्मे (ऑप्टिकल) की दुकानें खुलने की अनुमति दी गई। साथ ही मेडिकल स्टोर्स तक दवाओं की आपूर्ति करने वालों को भी छूट दी गई है। दवा आपूर्ति वाले वाहनों के अलावा अन्य किसी वाहन के संचालन की अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद शहर में सड़कों पर वाहनों का संचालन दिखाई दिया। दोपहर में तेज गर्मी के चलते आमजन घरों में कैद हो गए। जिसके चलते सड़कों पर फिर से सन्नाटा पसर गया। सुबह नौ बजते ही आवश्यक सेवाओं वाली दुकानें खुलनी शुरू हो गईं। खरीदारी करने के लिए बेख़ौफ होकर लोग घरों से निकले. कई दुकान व ठेलों पर दोनों गुटों के लोगों ने एक साथ आपसी सौहार्द्र से खरीदारी की।
उपद्रव के बाद से शहर में जगह-जगह पुलिस बल तैनात है। पुलिस के साथ आरएसी व एसटीएफ के जवान सुरक्षा व कानून व्यवस्था का जिम्मा संभाले हुए हैं. कर्फ्यू में छूट के दौरान पुलिस तैनात रही।
उपद्रव के चलते प्रशासन ने 2 मई रात एक बजे से जोधपुर जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अग्रिम आदेश तक बंद कर दी थी। सिर्फ ब्रॉडबैण्ड व लीज लाइन में ही इंटरनेट की सुविधा चालू थी। हालात में सुधार होने पर 135 घंटे बाद जिला कलक्टर व संभागीय आयुक्त हिमांशु गुप्ता ने रविवार अपराह्न चार बजे से इंटरनेट सेवाएं बहाल करने का आदेश जारी किया।