जोधपुर

जोधपुर में दोपहर में ही खुल गए पेट्रोल पंप

jodhpur news
– सीमावर्ती जिलों में 24 घंटे रही हड़ताल

जोधपुरOct 23, 2019 / 07:23 pm

Gajendrasingh Dahiya

जोधपुर में दोपहर में ही खुल गए पेट्रोल पंप

जोधपुर. पेट्रोल डीजल पर राज्य सरकार द्वारा लगाए गए वेट की दर कम करने की मांग को लेकर राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन की ओर से आहूत की गई एकदिवसीय सांकेतिक हड़ताल आधी अधूरी रही। जोधपुर में दोपहर 2 बजे पेट्रोल पंप शुरू कर दिए गए। प्रदेश के कुछ अन्य जिलों में भी दोपहर बाद वाहन चालकों को ईंधन देना शुरू हो गया जबकि हरियाणा पंजाब और गुजरात से लगते सीमावर्ती जिलों में 24 घंटे की हड़ताल रही।
एसोसिएशन की ओर से बुधवार सुबह 6 बजे से लेकर गुरुवार सुबह 6 बजे तक हड़ताल का आह्वान किया गया था। जोधपुर में बुधवार सुबह सभी पेट्रोल पंप बंद थे लेकिन इमरजेंसी सेवाओं को इससे मुक्त रखा गया था। सुबह 10 बजे बाद शहर के कुछ पेट्रोल पंपों पर कई वाहन चालक ईंधन भरवाने आए लेकिन उन्हें मना कर दिया गया। कुछ पेट्रोल पंप संचालकों ने वाहन चालकों की मजबूरी को देखते हुए पेट्रोल डीजल भरा। वहीं कुछ पेट्रोल पंप के सेल्समैन ने भी बोतल में ईंधन भर कर दिया। दुपहिया वाहन चलाते समय रास्ते में पेट्रोल खत्म होने पर पंप पहुंचे इक्का-दुक्का वाहन चालकों की भी पंप संचालकों ने मदद की। दोपहर 2 बजे बाद शहर के समस्त पेट्रोलियम डीलर्स ने अपने पंप चालू कर दिए।

एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह रुदिया ने बताया कि दोपहर बाद पंप शुरू कर दिए गए थे। वे सांकेतिक रूप से सीमावर्ती जिलों की हड़ताल में शामिल थे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.