जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता व पुलिस कमिश्नर नवज्योति गोगोई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। सीएलजी व शांति समिति की बैठकों में लोगों ने सौहार्द्र का परिचय देते हुए सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके मद्देनजर कर्फ्यू में दो घंटे की ढील का फैसला किया गया।
कोई अप्रिय वारदात नहीं शहर के कर्फ्यूग्रस्त इलाकों में लगातार दूसरे दिन कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई। बाजारों में सन्नाटा छाया रहा। पुलिस अधिकारी गश्त करते रहे। वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं। शाम को अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ शहर में फ्लैग मार्च किया। जयपुर से आए अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) हवासिंह घुमरिया व अन्य पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को भी हालत की समीक्षा की।
अब तक 23 मामले दर्ज
गोगोई के अनुसार उपद्रव को लेकर अब तक विभिन्न थानों में 23 मामले दर्ज हुए हैं। इनमें से चार मामले पुलिस और 19 मामले अन्य लोगों ने दर्ज करवाए हैं। अब तक 201 लोगों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इधर प्रशासन बलवे के दौरान हुए नुकसान का आकलन कर रहा है। जिला कलक्टर गुप्ता ने कहा कि उपद्रव में कोई व्यक्ति अपने नुकसान की सूचना नहीं दे पाया है, तो वह टेलीफोन 0291 26506511 या इमेल
[email protected] पर ब्यौरा दे सकता है।